UP: गाजीपुर में सड़क हादसे...तीन लोगों की मौत, सड़क जाम कर नाराजगी; मुआवजा और चालक की गिरफ्तारी की मांग
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में हादसे की सूचना पाकर माैक पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एक दुर्घटना में नाराज लोगों ने चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर घर भेज दिया।
विस्तार
Road Accident in Ghazipur: गाजीपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार की शाम सड़क हादसे में वृद्ध सहित तीन की मौत हो गई। वहीं हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम सात बजे शादियाबाद- बहरियाबाद मार्ग जाम कर दिया। एसडीएम जखनिया अतुल कुमार के आश्वासन पर रात 8:10 बजे पर जाम समाप्त हुआ।
रामपुर बंतरा हाईवे पर सड़क पार करते समय तेज वाहन की चपेट में आने से कन्हैया प्रजापति (65), हरिहरपुर के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के पलटने से निरहू बनवासी (22) और मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बाइक सवार प्रभु बिंद (40) की मौत हो गई।
शादियाबाद थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि हुसैनपुर निवासी प्रभु बिंद शाम करीब 6. 30 बजे शादियाबाद बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। दयालपुर गांव के पास सामने से मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रभु बिंद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर- ट्रॉली से कुचकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शाम सात बजे शादियाबाद- बहरियाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस समझाने में जुटी हुई, लेकिन ग्रामीण मुआवजा और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे।
नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि पिपरही गांव निवासी कन्हैया प्रजापति सोमवार की शाम सात बजे रामपुर बंतरा हाईवे पर सड़क पार कर रहे थे। वाराणसी से गाजीपुर जा रही तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीएम जखनिया अतुल कुमार के आश्वासन पर रात 8:10 बजे पर जाम समाप्त हुआ।
औड़िहार खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि सादात थाना के रामपुर हरिवंश उर्फ इटवा निरहू बनवासी ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। हरिहरपुर के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे आकर दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।