UP: रेलिंग तोड़ गंगा में समाई ट्रैक्टर-ट्रॉली 19 घंटे बाद निकली, दो युवक लापता; गाजीपुर में चल रहा सर्च ऑपरेशन
Ghazipur News: गाजीपुर में घटना की सूचना मिलते ही सुहवल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ रातभर करीब आठ घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया। दो लोगों की तलाश की जा रही है।
विस्तार
UP News: सुहवल थाना क्षेत्र के हमीद सेतु पर शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया, जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरी। करीब 19 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाला गया, जबकि ट्रैक्टर करीब 22 घंटे बाद निकाला गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवक अब भी लापता हैं।
सुहवल थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक उपेंद्र यादव (40) निवासी कालूपुर अपने साथी कृष्ण उर्फ टिल्लू (25) निवासी मेदनीपुर के साथ आलू लादकर गाजीपुर के एक कोल्ड स्टोरेज गया था। शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे लौटते समय हमीद सेतु के पिलर संख्या-9 के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट लंबी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में गिर गया।
वाराणसी आई हैं एसडीआरएफ टीम
शनिवार सुबह वाराणसी से प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषभ गौतम के नेतृत्व में 14 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम पहुंची और दो नावों के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 19 घंटे बाद ट्रॉली को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि 22 घंटे बाद ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया। ट्रॉली से ट्रैक्टर मालिक की पहचान मेदनीपुर निवासी राघवेंद्र सिंह के रूप में हुई। हालांकि, ट्रैक्टर पर सवार दोनों युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
घटना स्थल पर जुटी रही भीड़
हादसे की सूचना मिलते ही गंगा किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग घंटों टकटकी लगाए अपनों के मिलने का इंतजार करते रहे। मौके पर एडीएम, एसडीएम समेत कई अधिकारी पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे।
चल रहा सर्च ऑपरेशन : थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जल्द ही लापता लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन बार टूटी रस्सी, दो क्रेन लगे थे निकलने में
घटना के बाद गंगा नदी में गिरे ट्रैक्टर व ट्राली को निकालने के लिए रात से प्रयास शुरु हो गया था। रात में पुलिस ने एक क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को दो बार बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट गई और सफलता नहीं मिली। इसके बाद शनिवार की सुबह दो क्रेन की मदद से दो बारा प्रयास शुरु हुआ, लेकिन रस्सी फिर टूट गई। इसके बाद पहले ट्राली को निकाला गया फिर ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया।