युवक की गला रेतकर हत्या: झाड़ियों में फेंका शव, मेला देखकर लौट रहा था; एक साल पहले पिता की हो चुकी है मौत
Sonbhadra News: सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से 25 वर्षीय रजनीकांत का लहूलुहान शव मिला। उसके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पास में बाइक भी बरामद हुई। पुलिस हत्या की आशंका में जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के बगबियानी टोला में बृहस्पतिवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं। घटनास्थल के पास उसकी बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस हत्या की आशंका मानते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह गांव के कुछ लोग टहलने के लिए बगबियानी टोला की ओर गए थे। इस दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में किसी व्यक्ति के पड़े होने का आभास हुआ। पास जाकर देखने पर वहां एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शव की पहचान पतरिहा गांव निवासी रजनीकांत (25) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार युवक के सिर के पिछले हिस्से और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। गर्दन का आधे से अधिक हिस्सा कटा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। सड़क किनारे खड़ी मिली बाइक और घटनास्थल के आसपास से मिले रक्त के नमूनों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
परिजनों के अनुसार रजनीकांत अविवाहित था और पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी कर चुका था। करीब एक वर्ष पूर्व उसके पिता की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर आ गई थी। वह बुधवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सीओ राजेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।