गूगल मैप ने दिखाया 'मौत का रास्ता': नाले में गिरी कार, दो घंटे फंसा रहा परिवार; महिला समेत पांच लोग थे सवार
रास्ता भटककर एक परिवार की कार हापुड़ में नाले में गिर गई। पुलिस ने दो घंटे में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी नोएडा लौट गए। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नोएडा से किठौर जा रहा कार सवार एक परिवार गूगल मैप से भटक गया। परिवार हापुड़ के अंदर से जाने के बजाए दिल्ली रोड से श्यामपुर वाले मार्ग की ओर बढ़ गया, फाटक के पास आने पर अंधेरे में कार नाले में गिर गई। खिड़कियां लॉक होने से परिवार अंदर ही फंस गया, गनीमत रही कि पानी नहीं भरा। कार चालक ने 112 नंबर डायल कर, पुलिस को सूचना दी। दो घंटे की मशक्कत के बाद परिवार को निकाला जा सका।
जिला गौतमबुधनगर के थाना दादरी क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीपुरा निवासी साहिल अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर रविवार की देर रात किठौर अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित दिल्ली फाटक ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य चलने से रास्ता बंद होने के कारण उन्हें अपनी कार को रोकना पड़ गया।
यहां से किठौर जाने के लिए उन्होंने गूगल मैप की मदद ली। मैप ने उन्हें एचपीडीए कार्यालय से प्रीत विहार की तरफ जाने के लिए रास्ता दिखाया। इसके बाद साहिल अपने परिवार के साथ प्रीत विहार की तरफ बढ़ गए। उनके प्रीत विहार से गांव श्यामनगर फाटक के पास पहुंचने पर यहां जलभराव था।
जलभराव से बचने के चक्कर में उनकी कार पास ही नाले में जा गिरी और पूरा परिवार कार में फंस गया। कार में साहिल के साथ उनके परिवार की गुड्डी, मोहम्मद ईशान व दो बच्चे सवार थे। कार नाले में गिरने से पूरा परिवार दहशत में आ गया। किसी तरह साहिल ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को सूचित कर दिया। गाड़ी के अंदर पानी नहीं घुसा था, यह देख थोड़ी राहत की सांस मिली। क्रेन भी मौके पर बुला ली गई, बचाव दल ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार परिवार को सकुलश बाहर निकाला। कार सवार सभी लोग सुरक्षित पाए गए।
इसके बाद क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। परिवार किठौर न जाकर वापस नोएडा के लिए लौट गया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार परिवार को सकुशल बाहर निकाला। परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं और वह कार से वापस नोएडा लौट गए।