हापुड़ में हृदयविदारक हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक, पिता व तीन बच्चों की मौत, मां गंभीर; एक ही वाहन पर थे सवार
दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग 09 पर सोमवार को एक सड़क हादसे में पिता, दो बेटी और एक बेटे की मौत हो गई। घायल मां को मेरठ रेफर किया गया है। परिवार शाहजहांपुर से नोएडा जा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग 09 पर बाबूगढ़ के बछलौता फ्लाईओवर के पास सोमवार दोपहर बाद एक सड़क हादसे में पिता, दो बेटी व एक बेटे की मौत हो गई। जबकि घायल मां को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पांचों एक ही बाइक से शाहजहांपुर से नोएडा जा रहे थे, इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी अशोक (45) अपनी पत्नी रिंकी (42), पुत्र अनुज (14), बेटी मीनाक्षी (8) और चार वर्षीय बेटी राधिका के साथ सोमवार को बाइक से नोएडा जाने के लिए निकले थे। अशोक यहां राजमिस्त्री का काम करते थे और परिवार भी उनके ही साथ रहता था।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जब वे बाबूगढ़ के बछलौता फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तो बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार वर्षीय राधिका की मौके पर ही मौत हो गई। अशोक सहित परिवार के अन्य सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायलों को उपचार के दौरान पहले सीएचसी व इसके बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अशोक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर रिंकी, अनुज और मीनाक्षी की भी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान मीनाक्षी और अनुज ने भी दम तोड़ दिया। सीओ ने बताया कि देर रात तक परिजनों के यहां पहुंचने की संभावना है, इसके बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।