UP: भाई के सामने आशा संगिनी की पीटकर हत्या, पिता और दो बेटियों ने दिखाया खूनी रंग; तीनों हत्यारोपी हिरासत में
Jaunpur News: जौनपुर में जमीन के विवाद को लेकर आशा संगिनी की उसके भाई के सामने पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका के भाई ने पिता और उसकी दो बेटियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में विवादित जमीन की जोताई को लेकर हुए विवाद में भाई के सामने आशा संगिनी चेतना सिंह की हत्या कर दी गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने अपनी दो पुत्रियों के साथ मिलकर मारपीट के दौरान घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हत्यारोपी पिता और उनके दोनों बेटियों को हिरासत में ले लिया है। गांव में तनाव देखते हुए तीन थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। मौके पर पहुंचीं एसडीएम ने घटनास्थल की जांच की है। मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संदीप सिंह और ओम प्रकाश सिंह का परिवार बुधवार को सुबह आमने-सामने आ गया। आशा संगिनी चेतना सिंह (46) के भाई संदीप सिंह ने बताया उनके पिता स्वर्गीय रत्नाकर नन्हे सिंह ने अपने मौसा जय नारायण सिंह से गांव में ही 65 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री 2003 में अपनी पत्नी सुदामा सिंह के नाम पर कराई थी। जमीन का नामांतरण मां सुदामा सिंह के नाम पर हो चुका है।
विक्रेता जय नारायण सिंह की मौत के बाद उनके पुत्र ओम प्रकाश सिंह ने न्यायालय में बैनामा निरस्तीकरण के लिए आवेदन किया है। न्यायालय में सुनवाई चल रही है। इसी बीच ओमप्रकाश सिंह उनकी बेटियां रीटू सिंह व रोमा सिंह बुधवार की सुबह ट्रैक्टर से खेत की जोताई करने पहुंच गईं।
संदीप अपनी बहन चेतना सिंह के साथ घटनास्थल पर उन्हें खेत जोतने से मना किए। संदीप ने बताया कि ओमप्रकाश अपनी बेटियों के साथ मिलकर उनकी बहन चेतना सिंह की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर घटनास्थल पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने चेतना सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी बदलापुर रानी गरिमा जायसवाल भी पहुंचीं और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। घटनास्थल पर सीओ सुनील तिवारी, नायब तहसीलदार हरेंद्र सिंह, सुजानगंज, बदलापुर, सिंगरामऊ पुलिस टीम मौजूद रही।
थानाध्यक्ष महराजगंज तरुण श्रीवास्तव का कहना है इस मामले में पिता और उनके दोनों बेटियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। हत्यारोपी पिता ओमप्रकाश सिंह, उनकी पुत्री रीटू व रोमा सिंह को पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।