Sheetla Dham Chaukiya: मां विंध्यवासिनी की तरह भव्य बनेगा चौकिया धाम, ग्रेनाइट की जगह की जाएगी स्टोन सेटिंग
Jaunpur News: मां विंध्यवासिनी धाम की तरह चौकिया धाम भी भव्य बनाया जाएगा। दो दिन पहले अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। ऐसे में इसी महीने छह करोड़ से सुंदरीकरण का काम शुरू होगा।
विस्तार
पूर्वांचल में आस्था का केंद्र शीतला धाम चौकिया भी काशी विश्वनाथ मंदिर और मां विंध्यवासिनी धाम की तर्ज पर नव्य-भव्य नजर आएगा। इसके लिए इसी महीने काम शुरू किया जाएगा। मां का दरबार भव्य बनाने की तैयारी है। इसके लिए डिजाइन भी तैयार कर ली गई है। हालांकि इसमें मामूली फेरबदल भी की जा सकती है।
शीतला धाम चौकिया में सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के लिए शासन से करीब छह करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दो दिन पहले ही अधिकारियों की टीम ने धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया। सर्वे के बाद धाम का डिजाइन फाइनल कर लिया गया है। सर्वे टीम में शामिल जिम्मेदारों के मुताबिक धाम क्षेत्र का विकास भविष्य को ध्यान में रखते हुए कराया जा रहा रहा है।
धाम का मुख्य द्वार नए लुक में नजर आए, इसके लिए विशेष डिजाइन तैयार की गई है। धाम के मुख्य हिस्से में दोनों तरफ मां शीतला की तस्वीर होगी। जबकि मुख्य द्वार पर माता रानी की ही छोटी-छोटी तस्वीरें होंगी। इसी तरह प्रवेश द्वार पर गणेश जी विराजमान रहेंगे। यही नहीं, चौकिया धाम के आसपास के हॉल तोड़कर नए और आकर्षक बनाए जाएंगे, जिससे धाम के सामने से लुक भव्य नजर आए।
मंदिर के पीछे कुंड में दो और फव्वारे लगाए जाएंगे, जबकि मौजूदा फव्वारों की मरम्मत की जाएगी। ग्रेनाइट की जगह आकर्षक स्टोन की सेटिंग की जाएगी। दीवारों पर भी डिजाइनिंग स्टोन सेटिंग की जाएगी। जगह-जगह कूड़ेदान की भी व्यवस्था की जाएगी। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वारा का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। जबकि इसके अलावा बाहर दो और नए प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इनमें एक मुख्य गेट शाहगंज मार्ग तो दूसरा पचहटिया से चौकिया धाम आने वाले रास्ते पर बनाया जाएगा। पर्यटन विकास के दौरान तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। (संवाद)
स्टेज की भी होगी व्यवस्था, सीसी रोड युक्त होंगी गलियां
शीतला धाम में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी होते रहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसके लिए स्टेज भी बनाया जाएगा। साथ ही सुलभ कॉम्प्लेक्स भी बनाए जाएंगे। धाम क्षेत्र की गलियों में लगे इंटरलॉकिंग की जगह सीसी सड़क बनाई जाएंगी। साथ ही नालियां और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए भी योजना बनाई गई है। मंदिर प्रशासन की मानें तो इसी माह निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
ये है मान्यता
इसे भी पढ़ें; UP News: लालच देकर करते थे ब्रेन वॉश, कबूल कराते थे ईसाई धर्म, चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
करीब छह करोड़ रुपये की लागत से शीतला धाम चौकिया का पर्यटन विकास और सुंदरीकरण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था से बातचीत की गई है। जल्द ही काम शुरू होगा। इस कार्य के होने से पूर्वांचल में आस्था का केंद्र मां शीतला धाम की महत्ता और बढ़ जाएगी। -मनोकामना राय, प्रभारी जिला पर्यटन अधिकारी
