किन्नरों में सिर फुटौवल: बधाई के इलाके को लेकर पत्थरबाजी, एक की हालत गंभीर, रेफर; कोतवाली के बाहर हंगामा
Jaunpur News: जौनपुर के शाहगंज में बधाई लेने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के गुलाबो और बिट्टू गुट में मारपीट व पथराव हो गया। इसमें शीला (30) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में एक पक्ष ने कोतवाली पर हंगामा किया। पुलिस जांच कर कार्रवाई की तैयारी में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: शाहगंज नगर के उसरा भांदी मोहल्ले में बृहस्पतिवार को बधाई लेने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस दौरान एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उसरा भांदी मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले गुलाबो और बिट्टू गुट के बीच लंबे समय से बधाई लेने के इलाके के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और पथराव होने लगा। अचानक हुए बवाल से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और स्थिति को देखकर सहम गए।
पथराव के दौरान बिट्टू गुट की शीला (30) के सिर में गंभीर चोट लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया और कोतवाली गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और प्रदर्शन समाप्त कराया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर ली जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।