CTET: नीलम की जगह परीक्षा देने पहुंची वंदना, बायोमेट्रिक में पकड़ी गई; रोते हुए बोली- भइया को बुला दीजिए
Jaunpur News: सीटीईटी परीक्षा में साॅल्वर पकड़े जाने की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। बायोमेट्रिक मिसमैच से वह अपने सहेली की जगह परीक्षा नहीं दे सकी। महिला पुलिस पूछताछ के लिए उसे अपने साथ लेते गई।
विस्तार
CTET: सी-टेट की पहली पाली में रविवार को दूसरे की जगह पर परीक्षा दे रही एक और सॉल्वर पकड़ी गई। बायोमेट्रिक मिसमैच होने के कारण पकड़े जाने के बाद युवती रोते हुए बोली-भइया को बुला दीजिए। पूछताछ में पता चला कि वह प्रतापगढ़ की रहने वाली है और जौनपुर की रहने वाली युवती की जगह परीक्षा देने आई थी। इसके पहले शनिवार को दो सॉल्वर गिरफ्तार किए गए थे।
सी-टेट की पहली पाली में परीक्षा देने के लिए प्रकाश ग्लोबल स्कूल जगदीशपुर में परीक्षार्थियों की जांच हो रही थी। इसी दौरान एक युवती, जो खुद को नीलम यादव निवासी घनश्यामपुर जौनपुर निवासी बताते हुए जांच कराने लगी। लेकिन, बायोमेट्रिक मिलान में मिसमैच होने के चलते वह पकड़ ली गई। शक होने पर स्कूल प्रशासन ने कड़ाई की तो रोते हुए उसने अपना नाम वंदना यादव, निवासी काशीपुर, जनपद प्रतापगढ़ बताया।
युवती बार-बार यही रट लगा रही थी कि मेरे भइया को बुला दीजिए। हालांकि पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी सहेली नीलम यादव की जगह परीक्षा देने आई थी। इसके लिए उसने फर्जी तरीके से आधार कार्ड और प्रवेश पत्र भी बनवाया था। सीओ सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि युवती से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
परीक्षार्थियों और सॉल्वरों के कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
सी-टेट के दूसरे दिन भी सॉल्वर पकड़े जाने से जिले में नकल माफिया की सक्रियता पर चर्चा तेज हो गई है। लोगों के बीच यही चर्चा रही कि कहीं परीक्षा में पास कराने के नाम पर सॉल्वरों का गिरोह तो सक्रिय नहीं था, जिसके तीन सदस्य जनपद से भी गिरफ्तार किए गए हैं। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच अपने स्तर पर कर रही है। पुलिस सॉल्वर और परीक्षार्थियों के कनेक्शन को खंगाल रही है।
एक दिन पहले सीटेट की द्वितीय पाली परीक्षा में टीडी पीजी कॉलेज में अनुराग चौबे निवासी तालामझवारा पोस्ट जलालपुर और विपिन सिंह निवासी शिवपुरी, खाखरू, फतेहपुर को गिरफ्तार किया गया था। दोनों सॉल्वर हैं और प्रयागराज से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों दूसरे की जगह पेपर देने आए थे लेकिन बायोमेट्रिक मिसमैच होने पर पकड़े गए थे।
आरोपियों में अनुराग चौबे, हिमांशु रंजन यादव की जगह और विपिन सिंह, यतेंद्र कुमार यादव की जगह परीक्षा दे रहा था। सीओ सदर देवेश सिंह ने बताया कि सॉल्वरों के कनेक्शन भी खंगाले जाएंगे। जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके तहत पांच साल सजा का प्रावधान हैं। अभी प्रकरण की जांच की जा रही है।