होटल के कमरें में मिलीं दो लाशें: चाकू से गला रेतकर युवती की हत्या फिर युवक ने फंदा लगाकर दी जान
वाराणसी में बाबतपुर के पास केजे होटल में दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने चाकू से गला रेतकर युवती की हत्या की फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। दोनों आपस में रिश्तेदार थे।
विस्तार
वाराणसी कमिश्नरेट के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर के पास स्थित केजे होटल के एक कमरे में सोमवार की देर रात युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती बड़ागांव निवासी प्रिया केसरी (23) थी। युवक मंडुवाडीह निवासी विकास केसरी (20) था। दोनों रिश्तेदार थे।
युवती का शव कमरे में मिला था। उसकी गर्दन कटी हुई थी। जबकि युवक का शव फंदे से लटकता मिला। फॉरेंसिक टीम की जांच में सामने आया कि युवक ने पहले चाकू से युवती का गला रेता और इसके बाद खुद फंदे से लटक कर जान दे दी। दोनों दोपहर करीब एक बजे होटल पहुंचे थे।
युवती की शादी कहीं और तय होने से नाराज था युवक
पुलिस के अनुसार, युवक ने युवती का गला बाथरूम में रेता ताकि खून बाथरूम में ही बह जाए। युवती की शादी कहीं और तय होने से युवक नाराज था। आशंका है कि उसने आखिरी बार मुलाकात के बहाने युवती को होटल बुलाया और उसकी हत्या कर दी। बड़ागांव थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि विकास के भाई की साली प्रिया से उसका पहले से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। विकास परचून की दुकान चलाता था, जबकि प्रिया ब्यूटीशियन थी।
घटना की सूचना पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान भी मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने होटल के कमरे और आसपास के स्थानों का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी गोमती जोन ने बताया कि दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। युवक ने पहले युवती की हत्या की फिर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने तहरीर दी थी। बताया था कि प्रिया सुबह ही घर से निकली थी। विकास भी लापता था। दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकाली। जिसके बाद दोनों का पता चला। कमरा अंदर से बंद था। प्रिया के परिजन थाने पहुंचे।
