‘राम ने यादव को मारा’, ‘मूर्ख चंद्र यादव’: एमएलसी चुनाव की वोटर पर्ची में ऐसी गड़बड़ियां, कल है वोटिंग
स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को वोटिंग होनी है। इससे पहले सोशल मीडिया पर वोटर और उसके पिता के नाम में गड़बड़ी वाली कई मतदाता पर्ची सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी।
विस्तार
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में कहीं वोटर का नाम ‘राम ने शर्मा को मारा’ लिख गया है तो कहीं मतदाता के पिता का नाम ‘मूर्ख चंद यादव’ दर्ज हो गया है। इस तरह की गड़बड़ी की मतदाता पर्चियों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे करीब 30 मामले सामने आने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देश के बाद मतदाता सूची दुरुस्त करवाई गई है।
कल होनी है वोटिंग, वोटर के पिता का नाम लिखा- टक्कर मारना
स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को वोटिंग होनी है। इससे पहले सोशल मीडिया पर वोटर और उसके पिता के नाम में गड़बड़ी वाली कई मतदाता पर्ची सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। कार्यालय क्षेत्र पंचायत फूलपुर मतदेय स्थल की एक मतदाता पर्ची में वोटर और उसके पिता का नाम ‘टक्कर मारना’ लिख गया।
वोटर का नाम- राम ने यादव को मारा
इसी तरह, कार्यालय क्षेत्र पंचायत बहादरुपुर मतदेय स्थल की एक मतदाता पर्ची में वोटर का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ तो उसके पिता का नाम ‘मूर्ख चंद्र यादव’ लिख दिया गया। वहीं, एक मतदाता सूची में वोटर का नाम रवि शर्मा तो पिता का नाम ‘राम ने शर्मा’ को मारा दर्ज मिला। सोशल मीडिया पर सूची वायरल होते ही लोग एक-दूसरे को शेयर करने लगे और ये मामला चर्चा का विषय बन गया। बताया गया कि निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे अधिकांश मामले प्रयागराज जनपद से जुड़े हैं।
टंकण त्रुटि से ऐसा हुआ, मतदाता सूची को शुद्ध करा लिया है: आरओ
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर/ मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि टंकण त्रुटि के चलते संपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे लगभग 30 मामले सामने आए हैं। तत्काल मतदाता सूची को शुद्ध करा लिया गया। साथ ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि लिपिकीय त्रुटि से किसी भी मतदाता को मतदाधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। निर्वाचन क्षेत्र सभी जिलों में कंट्रोल रूम खोला जा रहा है। मतदाता सूची में नाम में गड़बड़ी की कोई भी शिकायत मिलती है तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।