बांदा: नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकले पंचायत सचिव को रौंदा, हालत गंभीर
Banda News: बदौसा क्षेत्र स्थित निजामीनगर के पास नेशनल हाईवे-35 पर गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पंचायत सचिव को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में निजामीनगर के पास नेशनल हाईवे-35 पर गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे पंचायत सचिव को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पंचायत सचिव प्रमोद सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रमोद सिंह पटेल सुबह टहलने निकले थे।
इसी दौरान कर्वी की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची बदौसा पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को 108 एंबुलेंस से सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
ट्रक पुलिस ने पकड़ा
बदौसा थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़ लिया गया है। घायल पंचायत सचिव को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और पैदल राहगीरों की सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
