हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, महिला समेत दो की मौत, दो बच्चे घायल
Hardoi News: हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भटोली माफी के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक्सप्रेसवे की किलोमीटर संख्या 317 पर स्थित भटोली माफी गांव के पास हुआ। कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन सीधे डिवाइडर में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों का सीएचसी बिलग्राम में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को इलाज के लिए बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।