धर्मनगरी चित्रकूट के मानिकपुर स्टेशन पर देरी से पहुंची रेलवे की स्पेशल ट्रेन श्री रामायण एक्सप्रेस के यात्री बुधवार दोपहर गुस्से से आग बबूला हो उठे। हंगामा करते हुए लोगों ने रेलवे पर लापरवाही का आरोप लगाया।
धर्मनगरी में देरी से पहुंची श्रीरामायण एक्सप्रेस, इंतजार कर रहे भक्तों ने किया हंगामा
चित्रकूट के मानिकपुर स्टेशन पर बनारस से नासिक जा रही स्पेशल ट्रेन श्री रामायण एक्सप्रेस अप 00401 20/21 की रात्रि जंक्शन में प्लेटफार्म एक पर 1.26 खड़े होते ही पर्यटक यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ट्रेन की लेट-लपेट व खान-पान सही न मिलने का आरोप लगाया। मौके पर आरपीएफ प्रभारी ओकार नाथ त्रिपाठी, जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिह मय पुलिस फोर्स के साथ पंहुचे और यात्रियों को समझाने में जुट गए। स्टेशन प्रबन्धक बाल मुकुन्द ने बताया कि स्पेशल ट्रेन को लगभग डेढ घंटे बाद रवाना कर दिया गया है।
जानिए श्री रामायण एक्सप्रेस के बारे में
रेलेवे ने 14 नवंबर से श्री रामायण एक्सप्रेस को शुरू किया था। यह ट्रेन दिल्ली से रवाना होकर भगवान राम से जुड़े भारत से लेकर श्रीलंका तक के तीर्थ स्थलों की यात्रा करा रही है। 16 दिन के पैकेज पर यह यात्रा कराई जा रही है।
इस यात्रा को दो हिस्सों में बांटा गया है पहला भारत और दूसरा श्रीलंका। दिल्ली से रवाना होने के बाद ट्रेन का पहला पड़ाव अयोध्या और इसके बाद हनुमान गढ़ी, रामकोट और कनक भवन मंदिर तक जाएगी। ट्रेन रामायण सर्किट के महत्वपूर्ण स्थलों जैसे नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर, वाराणसी, प्रयाग, श्रृंगपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और रामेश्वरम को कवर करेगी। ट्रेन अपनी यात्रा तमिलनाडु के रामेश्वरम में जाकर 16 दिनों में पूरी करेगी। आआरसीटीसी के अनुसार इस पैकेज में खाना, रुकना, नहाना और धर्मशालाओं में ठहराने तक की व्यवस्था शामिल होगी।
रामायण एक्सप्रेस में एक साथ कम से कम 800 यात्री सफर कर सकते हैं। एक व्यक्ति का किराया 15,120 रुपये होगा। श्रीलंका दौरे के लिए यात्रियों से अलग से किराया लिया जाएगा। श्रीलंका दौरे पर जाने के लिए यात्री चेन्नई से कोलंबो की उड़ान ले सकते हैं। श्रीलंका में 5 रात और 6 दिन के पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 36,970 रुपये होगी। श्रीलंका के दौरे के पैकेज में कैंडी, नुवारा एलिया, कोलंबो और नेगोंबो जैसे 4 डेस्टिनेशन को कवर किया जाएगा।