सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etawah News ›   Etawah: Stones pelted on BJP workers who came to surround Congress office, eight Congress workers arrested

Etawah: कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे भाजपाइयों पर पथराव, आठ कांग्रेसी गिरफ्तार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा Published by: शिखा पांडेय Updated Mon, 01 Sep 2025 09:49 PM IST
विज्ञापन
सार

राहुल गांधी की रैली में प्रधानमंत्री की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपाई कांग्रेस कार्यालय घेरने पहुंचे थे।

Etawah: Stones pelted on BJP workers who came to surround Congress office, eight Congress workers arrested
कांग्रेसियों ने किया पथराव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

कांग्रेस कार्यालय का सोमवार को घेराव करने गए भाजपाइयों पर कांग्रेसियों ने पथराव कर दिया। इससे नगर पालिका चौराहे पर भगदड़ मच गई। गुस्साए भाजपाइयों ने सदर विधायक, जिलाध्यक्ष के साथ नगर पालिका के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
loader
Trending Videos


सूचना पर पहुंचे एडीएम, एसपी सिटी ने भाजपाइयों को समझाकर सड़क से हटाया और छह कांग्रेसियों को हिरासत में लिया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य पथराव में घायल हो गईं हैं। उनके कंधे व पैर में चोटें आईं हैं। सदर विधायक और जिलाध्यक्ष ने भी घायल होने का दावा किया है। वहीं, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने भी भाजपाइयों पर पथराव करने का आरोप लगाया है। रात में पुलिस ने महिला मोर्चा की अध्यक्ष बिरला शाक्य की तहरीर पर आठ कांग्रेसियों के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ छह धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नामजद आठों कांग्रसियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बिहार में कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी की ओर से निकाली गई रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप पर भाजपाई सोमवार दोपहर नगर पालिका चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। जिलाध्यक्ष अन्नू अरुण ने बताया कि नगर पालिका के गेट पर भाजपाइयों के पहुंचते ही नगर पालिका कार्यालय के ऊपर बने कांग्रेस कार्यालय से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई।

पुलिस ने कांग्रेसियों को उनके कार्यालय में नजरबंद कर दिया। पथराव से नाराज सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष अरुण अन्नू गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बुंदेलखंड कानपुर शिव महेश दुबे, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे समर्थकों के साथ नगर पालिका के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों पर कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर कोतवाली के साथ ही सिविल लाइंस, फ्रेंड्स कॉलोनी थाने की पुलिस पहुंच गई। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसडीएम सदर विक्रम राघव, सीओ अभय नारायण राय भी पहुंचे और विधायक व जिलाध्यक्ष से बात करके कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें सड़क से हटाया। कड़ी सुरक्षा के बीच छह कांग्रेसियों को नीचे लाकर हिरासत में लिया गया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने तहरीर दी है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने भी भाजपाइयों पर पथराव करने का आरोप लगाया है। बताया कि भाजपाइयों के पथराव से वह घायल हुए हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनका मेडिकल कराया गया है। नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। - बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी

सड़क से हटाने पर अधिकारियों से भिड़े कार्यकर्ता
भाजपाइयों पर पथराव की सूचना पर एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने का प्रयास किया तो वह अधिकारियों से भिड़ने लगे। इस पर जिलाध्यक्ष और महामंत्री ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद नगर पालिका के मुख्य द्वार का गेट बंद करके कांग्रेसियों को कड़ी सुरक्षा में नीचे लाकर पुलिस ने कोतवाली भेजा। इस बीच भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।

कांग्रेसियों ने भी पथराव का लगाया आरोप
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राशिद ने आरोप लगाया कि भाजपाइयों ने उन पर पथराव किया है। सीढि़यों से नीचे आने के दौरान भाजपाइयों की ओर से फेंका गया एक पत्थर उन्हें लगा है। इससे वह चोटिल हुए हैं। पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, उप्र कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी ने भी भाजपाइयों पर पथराव करने और उन लोगों को गलत फंसाने का आरोप लगाया है।

एसडीएम, सीओ कर रहे थे निगरानी, कांग्रेस कार्यालय पर भी तैनात थी पुलिस
एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पहले ही एसडीएम सदर विक्रम राघव, सीओ अभय नारायण राय और तीन थाने (कोतवाली, फ्रेंड्स कॉलोनी, सिविल लाइन) के एसओ को लगाया गया था। कांग्रेस कार्यालय में एक दरोगा और दो सिपाही तैनात किए गए थे। फिर भी कुछ कांग्रेसियों ने तीन पत्थर फेंके हैं। कांग्रेसियों की ओर से अभी पथराव या घायल होने की सूचना नहीं दी गई है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

आठ नामजद और 20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला मोर्चा की अध्यक्ष बिरला शाक्य की तहरीर पर पुलिस ने आठ कांग्रेसियों के खिलाफ नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ छह धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। नामजद सभी आरोपियों जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, उप्र कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी, शहर अध्यक्ष राशिद पठान, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, कोमल सिंह कुशवाह, आसिक पठान, विपिन कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed