कानपुर: महिला थाने में दोस्त पुलिस कार्यक्रम, छात्राओं को सिखाए गए सुरक्षा के गुर, दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
Kanpur News: महिला थाने में मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से दोस्त पुलिस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एडीसीपी मुख्यालय एवं महिला अपराध स्नेहा तिवारी और महिला थाना प्रभारी कमर सुल्ताना ने छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विस्तार
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। छेड़छाड़, पीछा करने या धमकी देने जैसी घटनाओं को चुपचाप सहने के बजाय छात्राएं इसकी शिकायत पुलिस से करें। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मदद लें। मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कानपुर के महिला थाने में आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम में एडीसीपी मुख्यालय एवं महिला अपराध स्नेहा तिवारी ने कैलाश नाथ इंटर कॉलेज की कक्षा 10 से 12 तक की छात्राओं को यह संदेश दिया।
उन्होंने छात्राओं को महिला थाने की कार्यप्रणाली से परिचित कराया और महिला सुरक्षा के साथ साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गलत व्यवहार के खिलाफ समय रहते शिकायत करने से पुलिस कार्रवाई कर सकती है। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और परेशानी होने पर परिवार या पुलिस को जानकारी देने में संकोच न करने के लिए प्रेरित किया।
शिकायत नहीं करने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है
महिला थाना प्रभारी कमर सुल्ताना ने कहा कि छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी देने या अन्य किसी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहना उचित नहीं है। जानकारी के अभाव या झिझक के कारण शिकायत नहीं करने से अपराध करने वालों का मनोबल बढ़ सकता है। इसलिए ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया का सीमित और सतर्कता से इस्तेमाल करने की सलाह दी।
विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली भी जानी
कहा कि अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। फोन या मैसेज के जरिए अथवा स्कूल और कोचिंग आने-जाने के दौरान कोई परेशान करे तो पुलिस हेल्पलाइन की मदद लें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला थाने के विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली भी जानी। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा त्रिवेदी, शिक्षिकाएं लक्ष्मी देवी और मीनाक्षी ओमर, एसआई आशाराम व नेहा यादव मौजूद रहीं।