कानपुर: बंद मकान में लगी भीषण आग, धुआं और लपटें देख मचा हड़कंप, दमकल ने पाया काबू, नहीं हुई कोई जनहानि
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर में बंद पड़े मकान में अचानक भीषण आग लग गई। जाजमऊ फायर स्टेशन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर इलाके में मंगलवार को एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मिनी कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में तत्काल फायर स्टेशन जाजमऊ से एक फायर टेंडर को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि मकान अंदर से बंद था और भीतर से आग की लपटें निकल रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर यूनिट ने बिना समय गंवाए त्वरित गति से कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने तुरंत पानी की तेज बोछार की और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया।
कोई जनहानि नहीं हुई
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गनीमत यह रही कि हादसा जिस समय हुआ। उस वक्त मकान बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आग आसपास के मकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।