कानपुर: ग्रीनपार्क में हो सकेंगे दो रणजी मुकाबले, टेंडर में देरी है वजह, यूपीसीए ने खेल विभाग से मांगी जानकारी
Kanpur News: ग्रीनपार्क स्टेडियम के 350 करोड़ रुपये के पुनर्विकास टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण अब यहां अक्टूबर और नवंबर में रणजी ट्रॉफी के दो बड़े मुकाबले आयोजित हो सकते हैं। यूपीसीए ने खेल विभाग से स्टेडियम की उपलब्धता को लेकर लिखित जानकारी मांगी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के ग्रीनपार्क में अक्तूबर और नवंबर में रणजी के दो मुकाबले होने की संभावना है। यह व्यवस्था पुनर्विकास के टेंडर में देरी की वजह से हो सकती है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने खेल विभाग को पत्र भेजकर स्टेडियम की उपलब्धता और निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। लिखित आश्वासन पर यूपीसीए दोनों मुकाबलों की मेजबानी कर सकता है। स्टेडियम का कायाकल्प किया जाना प्रस्तावित है।
बीसीसीआई की ओर से रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी। यूपीसीए को पहले चरण में उत्तर प्रदेश के दो मुकाबलों की मेजबानी मिली है। पहला मैच 18 से 21 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश और गोवा, दूसरा दो से पांच नवंबर तक उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच प्रस्तावित है। ग्रीनपार्क में करीब 350 करोड़ की लागत से पुनर्विकास कार्य होना है। हालांकि अभी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
खेल विभाग से लिखित जानकारी मांगी
यूपीसीए की कोशिश है कि यदि निर्माण कार्य शुरू होने में देरी होती है, तो इन मुकाबलों का आयोजन ग्रीनपार्क में करा लिया जाए। यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि इस सत्र में एसोसिएशन को तीन रणजी मुकाबलों की मेजबानी मिली है, जिसमें पहले चरण के दोनों मैच ग्रीनपार्क में कराने की इच्छा है। बीसीसीआई को आयोजन स्थल की स्थिति की जानकारी देनी होती है। इसी वजह से खेल विभाग से लिखित जानकारी मांगी गई है।
अभी शुरू नहीं हुई है टेंडर की प्रक्रिया
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि ग्रीनपार्क के टेंडर की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। सोमवार को उच्चाधिकारियों से चर्चा के बाद ही निर्माण शुरू होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि टेंडर के बाद शुरुआती काम पवेलियन की टूट-फूट से संबंधित होने की संभावना है। ऐसे में मैदान पर मैच कराने में तत्काल बाधा नहीं आने की उम्मीद है।
आईपीएल और टी-20 की भी उम्मीद
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि ग्रीनपार्क की विरासत को सम्मान देने के लिए हाल में मैच कराया गया था। टेंडर प्रक्रिया में समय लग रहा है। ऐसे में इस बीच यदि यूपीसीए यहां कोई मैच कराती है तो उसका स्वागत है। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में आईपीएल और टी-20 के मुकाबले भी ग्रीनपार्क में खेले जाएंगे। पीडब्ल्यूडी ने 456.97 करोड़ का नया प्रस्ताव शासन को भेजा है। ग्रीनपार्क की क्षमता करीब 55 हजार की हो सकेगी।