कानपुर: पुलिस पर पथराव कराने का मास्टरमाइंड निकला लेखपाल, थाना प्रभारी पर लोहे की सरिया से किया था हमला
Kanpur News: चकेरी एयरपोर्ट के पास रविवार शाम पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। अहिरवां चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने 22 नामजद समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने लेखपाल अंबुज निषाद समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि लेखपाल ने ही मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस पर पथराव के लिए उकसाया था। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लेखपाल अंबुज निषाद के अलावा सौरभ कुमार, कैलाश, दीपू, लवकुश, शांति और गीता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में 22 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से 15 नामजद आरोपी अभी फरार हैं। इसके अलावा 40 अज्ञात आरोपियों की भी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाप्रभारी पर सरिया से किया था हमला
पुलिस के मुताबिक पथराव के दौरान चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र पर भी हमला किया गया था। आरोप है कि भीड़ में शामिल एक आरोपी ने उनके सिर पर सरिया से वार कर दिया था। घटना में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।
लेखपाल पर उकसाने का आरोप
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लेखपाल अंबुज निषाद की भूमिका सामने आई है और आरोप है कि उसने लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काया तथा पथराव के लिए उकसाया। पुलिस उसके संबंध में तैनाती और अन्य जानकारी भी जुटा रही है। बताया गया कि वह पहले बिल्हौर में तैनात था, हालांकि वर्तमान तैनाती की पुष्टि नहीं हो सकी है।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फरार नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।