मंत्री महाना बोले औद्योगिक विकास होगा, बंद मिलें चलेंगी
-कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने अमर उजाला जन संवाद में दिया आश्वासन
-‘अमर उजाला’ कानपुर दफ्तर में पब्लिक के सवालों पर सीधे जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेश हैं लोगों के सवाल और कैबिनेट मंत्री के जवाब-
कानपुर का औद्योगिक विकास कैसे होगा। बंद मिलें कब चलेंगी? -आशू त्रिवेदी, मनीराम बगिया
कानपुर का औद्योगिक विकास प्राथमिकता में शामिल है। बंद मिलें खुलवाने के लिए कपड़ा मंत्री से मिला था। वे योजना बना रहे हैं। जल्द परिणाम सामने होगा।
मौरंग की काफी किल्लत चल रही है। निर्माण कार्य बंद हो चुके हैं। इस समस्या का समाधान कब होगा?-मोहित गुप्ता, दबौली
जवाब-अगले दस दिन में इस समस्या का समाधान करने का प्रयास हो रहा है। मौरंग की किल्लत दूर करने के लिए पॉलिसी बन रही है।
-सोसाइटी क्षेत्र का विकास कब होगा। लोग बेटरमेंट (विकास शुल्क) देने को तैयार हैं। क्या सोसाइटी क्षेत्रों का विकास होगा?-अशोक दीक्षित वार्ड नंबर 67 यशोदा नगर
-मैं खुद सोसाइटी क्षेत्र के विकास का मामला उठाता रहा हूं। विकास होगा। हर क्षेत्र के सौ-दो सौ लोग बेटरमेंट चार्ज देने को तैयार हो जाएं तो यह काम जल्द शुरू हो सकता है।
-लाल इमली के कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों के परिवार आर्थिक दिक्कत से गुजर रहे हैं। कब राहत मिलेगी? -अतीक हुसैन नकवी, लाल इमली
-मिले चलवाने का प्रयास हो रहा है। जहां तक वेतन न मिलने की बात भी संज्ञान में है। वेतन जल्द बंटवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द परिणाम सामने होगा।
-आप कानपुर से मंत्री बने हैं। कानपुर के लिए क्या करेंगे? -ऋषभ सक्सेना, कोयला नगर
-विकास होगा। सड़कें ठीक होंगी। बिजली-पानी पूरे समय मिलेगा। सरकार बने अभी एक माह हुआ है। अभी सिस्टम समझ रहे। हम लोग लखनऊ में बैठकर नहीं पूरे प्रदेश में घूमकर समस्याएं समझते हुए जनता के बीच जाकर काम करेंगे।
-आपने साइकिल ट्रैक हटवाने की बात कही था। ऐसा क्यों?- रवि शंकर मिश्रा, नौबस्ता
-साइकिल ट्रैक पर मेरी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। आपने कभी ट्रैक पर साइकिल चलते देखी है। शायद नहीं। जब उसका प्रयोग ही नहीं हो रहा है तो फायदा क्या।
-गोपाल नगर की सड़कें बहुत खराब हैं। कई बार अर्जी दी लेकिन कुछ नहीं हुआ। कुछ करिए।-संतोष कुमारी गोपाल नगर
-आपके मोहल्ले में त्रिवेदी वाली लाइन में काम चालू हो गया है। और भी खराब सड़कों को बनवाया जा रहा है। मैं इस काम में लगा हुआ हूं।
-सड़कें बहुत खराब हैं। चलना मुश्किल होता है। राहत दिलाइए।-अरविंद सिंह चौहान पटेल नगर
-जी बिलकुल। मैने पहले ही कहा है कि सड़कें ठीक करना सरकार की प्राथमिकता है। काम चालू भी हुआ है। अभी एक महीना ही हुआ है। सब कुछ इतनी जल्द ठीक नहीं हो सकता।
-औद्योगिक नगरी होने के वाबजूद कानपुर की इंडस्ट्री में काम करने वालों को कई तरह की सुविधाएं नहीं हैं। 12-12 घंटे काम करवाने के बावजूद बहुत कम वेतन मिलता है। इसलिए यहां के लोग पलायन को मजबूर हैं। इसे रोकेंगे?-प्रशांत शुक्ला, गुजैनी
-श्रम मंत्री को इस बारे में बताया जाएगा। किसी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। वह खुद भी इसका संज्ञान लेते हुए समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।
-
-मेरे चाचा मुकेश को हृदय रोग है। दो दिन पहले छुट्टी मिली है। अभी उनके इलाज में 40 हजार रुपये खर्च बताया है। हम इलाज नहीं करा सकते। मदद कर दीजिए। -शिवम गुप्ता झकरकटी
जवाब-मैं डॉ. विनय कृष्ण को फोन कर दूंगा। आप उनसे जाकर मिल लें। हर संभव मदद हो जाएगी। (अपने पीए को मरीज का नाम नोट करने को कहा)
-मेरे पिता यूपिका में काम करते थे। बंदी के हालत चलने से समय से वेतन नहीं मिलता। परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। कुछ करिए। -शिवम शुक्ला, गहलौ चौबेपुर
-मिलों को फिर से ठीक से चालू कराने का प्रयास हो रहा है। वेतन के बारे में मैं दिखवाता हूं। राहत दिलाई जाएगी।
-कानपुर की बंद औद्योगिक इकाइयां कब शुरू होंगी?- जयप्रकाश दर्शन पुरवा
जवाब-इस संबंध में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से दो बार मिल चुका हूं। बंद मिलों में जान फूंकने की दिशा में काम चल रहा है।
-दबौली व्यापार मंडल ने शराब बंदी के लिए विरोध-प्रदर्शन किया तो एक दर्जन से अधिक लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमें दर्ज हो गए हैं। राहत कैसे मिलेगी?- योगेश गुप्ता, दबौली व्यापायर मंडल।
-मामले की पूरी जानकारी का मुझे लिखित प्रार्थनापत्र दीजिए। जो भी संभव मदद होगी की जाएगी।
-विश्वबैंक कॉलोनी में पानी की बड़ी समस्या है। इसके लिए आप क्या करेंगे?-वीरेंद्र सिंह कसेरा, विश्वबैंक कॉलोनी
-एक प्रार्थनापत्र दीजिए। जल्द ही क्षेत्र की पानी की समस्या के लिए हैंडपंप या फिर समर्सिबल लगवाया जाएगा।
-
-पराग डेरी कर्मचारियों का कई सालों से वेतन भुगतान रुका हुआ है। कर्मचारियों को राहत कैसे मिलेगी?-श्रीकांत दीक्षित, रिटायर्ड विक्रय पर्यवेक्षक
-मामले का विवरण दीजिए। संबंधित मंत्री से बात करके कर्मचारियों को वेतन दिलाया जाएगा।
-
-बीएड 2013-14 का रिजल्ट रुका हुआ है। पांच हजार से अधिक स्टूडेंटों का भविष्य अधर में फंसा है। हम लोगों की मदद कीजिए।-शालिनी दलेलपुरवा
-शिकायतपत्र दीजिए। शिक्षामंत्री से मिलकर समाधान कराया जाएगा।
-
-यूपीएसआईडीसी में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश कैसे लगेगा?-त्यागी रवींद्र, शास्त्री नगर
-यूपीएसआईडीसी हो या अन्य कोई भी विभाग भ्रष्टाचार करने वालों अफसरों पर सख्त कार्रवाई होगी।
-हाईवे से हटाया गया शराब ठेका अब तात्याटोपे नगर जैसे रिहायसी इलाके में खुल गया है। मोहल्ले में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।-रामसिंह, तात्याटोपे नगर
-मेरे दफ्तर में लिखित शिकायत पत्र दीजिए। कार्रवाई के लिए डीएम को लिखूंगा।
-आपके विधानसभा क्षेत्र में रामादेवी पटेल नगर में सड़क, नाली, रोड और लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं है। इसके लिए क्या कदम उठाएंगे?-शुभांग, रामादेवी पटेल नगर
-विधानसभा क्षेत्र का विकास मेरी प्राथमिकता है। थोड़ा समय दीजिए क्षेत्र का संपूर्ण विकास होगा।
- महिला सशक्तीकरण के लिए क्या योजनाएं हैं?-मंजू, नौबस्ता निवासी
-महिलाओं को उद्योग में बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चल रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
-महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र का हाथीपुर गांव शहरी क्षेत्र में होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र की तरह बिजली आती है। इससे कब निजात मिलेगी।-आरिफ, हाथीपुर गांव
-अब तो गांव में भी 20 घंटे से अधिक बिजली आ रही है। गांव और शहर में कोई अंतर नहीं है। इतनी बिजली ग्रामीण क्षेत्रों में कभी सप्लाई नहीं हुई।
-शहर में रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। इसे अमली जामा कब पहनाया जाएगा।-रविकांत अवस्थी, पाली गढ़ी बिठूर
-रिंग रोड के प्रस्ताव की मुझे जानकारी नहीं है। फिर भी इस प्रस्ताव की प्रोग्रेस रिपोर्ट देखकर इस पर विचार किया जाएगा।
-पानी की टंकी कई साल से बनी खड़ी है। अभी तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। -अनिल कुमार ठठिया कन्नौज
अपने विधायक जी से मिल लीजिएगा। मैं भी बात करूंगा। समस्या का समाधान जरूर कराएंगे।
-इंडस्ट्री लगाने के लिए जमीन नहीं मिल पाती है। एनओसी लेने में ही चक्कर पर चक्कर लगवाए जाते हैं। -संदीप अग्रवाल, कोंच जालौन
-यूपीएसआईडीसी सब्सिडी पर जमीन देती है। आवेदन करें। जमीन आवंटन सिस्टम अब ऑन लाइन किया जा रहा है। पारदर्शी सिस्टम बनाया जा रहा है। आपकी कोई व्यक्तिगत समस्या है तो मिलकर बताएं।
मेरे भाई धीरज सिंह का एक्सीडेंट हो गया है। हैलट इमरजेंसी में ठीक से इलाज नहीं हो रहा है। मदद कर दीजिए। -राहुल सिंह उन्नाव
मैं हैलट अस्पताल के अधीक्षक को बोल रहा हूं। इलाज में हर संभव मदद होगी। (कैबिनेट मंत्री ने अपने पीए से हैलट अस्पताल के अधीक्षक को फोन कर नाम नोट कराते हुए मदद करने को कहा)
-लाइट की समस्या है। अब ठीक से मिलने लगी है तो लोकल फाल्ट समय से ठीक नहीं किए जाते हैं। -आलोक तिवारी बेनीगंज हरदोई
-अब लाइट की समस्या नहीं रहेगी। अक्टूबर 2018 तक ग्रामीण क्षेत्र में कम से कम 18 घंटे बिजली मिलेंगी। फाल्ट भी समय से ठीक होंगे।
-बेरोजगारी की बहुत बड़ी समस्या है। नौजवानों को रोजगार देने की कोई योजना है क्या?-मनीष कुमार जालौन
-कई विभागों में जल्द नियुक्तियां निकलेंगे। छोटे-छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने का काम चालू किया गया है। इससे रोजगार बढ़ेंगे।
-मेरा बेटा बीटेक कर रह है। उसकी शिक्षा के लिए पीएनबी से कर्ज लेने के लिए आवेदन किया था। अभी तक नहीं मिला। चक्कर पर चक्कर लगवा रहे हैं। -गुड्डी सिंह भगवंत नगर उन्नाव
-विधानसभा अध्यक्ष वहीं रहते हैं। एक बार उनसे मिल लीजिए। मेरे दफ्तर भी आ सकती हैं।
-टेनरियों और नाले का पानी सीधे गंगा में जा रहा है। इसके लिए आप क्या करेंगे?-राजकुमार सैनी अकबरपुर उन्नाव
-उद्योगों को शहर से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करने का प्लान चल रहा है। इसके साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। इससे गंगा का प्रदूषण रुकेगा।
यूपी सरकार युवाओं को रोजगार देने के विषय में क्या काम कर रही है?-रोहित मिश्रा, नोनखारी सांडी ब्लाक हरदोई
रोजगार को इंडस्ट्री से जोड़कर युवाओं को अधिक से अधिक नौकरी देने का काम होगा।
-फतेहपुर में भी उद्योग लगवाइए जिससे कि यहां के लोगों को भी रोजगार आसानी से मिल सके।-अर्जुन सिंह, जहानाबाद, फतेहपुर
-आप के क्षेत्रीय विधायकों के साथ बैठक हुई है। कई औद्योगिक प्रोजेक्ट लगाने की दिशा में काम भी चल रहा है।
-सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लाखों-करोड़ों खर्च कर रही है तो आशा बहुओं का वेतन क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा है।-वीरसिंह भदौरिया, कालपी जालौन
-आशा बहुओं की सैलरी बढ़ाने के लिए प्रस्ताव बनाया गया है। जल्द इनका वेतन बढ़ेगा।
-हथकरघा विभाग में दो साल पहले भर्तियां हुई थी लेकिन आज तक किसी की नियुक्ति नहीं की गई। हम लोगों को नौकरी कब मिलेगी?-चंद्रकेश यादव, सहगरपुर आजमगढ़
-विभागीय मंत्री सत्यदेव पचौरी को शिकायती पत्र दीजिए। समाधान हो जाएगा।