Jalaun: नींद की झपकी से डिवाइडर पार कर डंपर से भिड़ा रिफाइंड लदा ट्रक, चालक-परिचालक घायल
Orai News: थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आटा-उकासा टोल के पास मंगलवार सुबह नींद की झपकी आने से रिफाइंड तेल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। दूसरी लेन में आगे चल रहे डंपर में ट्रक पीछे से जा भिड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर आटा-उकासा टोल प्लाजा के पास मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण रिफाइंड तेल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा पहुंचा।
दूसरी लेन में पहुंचते ही ट्रक आगे चल रहे एक डंपर में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और चालक-परिचालक को हल्की चोटें ही आईं।
कोटा से सिलीगुड़ी जा रहा था रिफाइंड लदा ट्रक
जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात जिले के डेरापुर निवासी चालक रशीद (29) और परिचालक प्रमोद (32) ट्रक में रिफाइंड तेल लादकर राजस्थान के कोटा से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहे थे।
जैसे ही उनका ट्रक मंगलवार सुबह आटा-उकासा टोल के समीप पहुंचा, तभी चालक रशीद को अचानक तेज नींद की झपकी आ गई। झपकी आते ही वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक डिवाइडर फांदकर दूसरी तरफ पहुंच गया।
क्रेन की मदद से हटवाया गया ट्रक, ट्रैफिक बहाल
हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही आटा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और चोटिल चालक व परिचालक से घटना की जानकारी ली। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के हाईवे के बीचों-बीच खड़े होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
इसके बाद एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया, तब जाकर यातायात सुचारु रूप से चालू हो सका। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का मुख्य कारण चालक को नींद की झपकी आना ही सामने आया है।