UP Weather Update: देर से शुरू हुई ठंड देर तक करेगी परेशान, ला निना प्रभाव रहेगा सक्रिय
कानपुरवासियों को इस बार सर्दी ज्यादा परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल देर से शुरू हुई ठंड, देर से समाप्त होगी। यही नहीं, भूमध्य सागर से उठने वाला ला निना भी प्रभाव डालेगा। अभी सितरंग चक्रवात की वजह से दिन के तापमान में कमी नहीं आ रही है।

विस्तार
कानपुर में रात के तापमान में पिछले पांच दिनों से भले ही उतार-चढ़ाव शुरू हो गया है, लेकिन जाड़े के लिहाज से दिन का पारा अभी स्थिर है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार ला निना प्रभाव आने वाले दिनों में सक्रिय रहेगा। ऐसे में जाड़े का मौसम देरी से शुरू होकर आगे लंबा चलेगा।

वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में सितरंग चक्रवात सक्रिय होने से उत्तर पश्चिमी हवाओं का चलना रुक गया है। इसकी वजह से हवा में नमी का असर कम हो रहा है। ऐसे में दिन में तापमान 32 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
चंद्रेशखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार जब दिन का पारा 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे आना शुरू हो जाता है। तब जाकर जाड़े का दिन माना जाता है। अभी ऐसा नहीं हो रहा है और दिन का पारा स्थिर है।
उन्होंने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह के बाद थोड़ी बहुत स्थितियां बदलने की संभावना है। डॉ. पांडेय के अनुसार इस बार मार्च के आखिरी सप्ताह तक ठंड पड़ सकती है। ऐसे में शहरवासियोंको इस बार सर्दी ज्यादा परेशान करेगी। इस दौरान मौसम भी असामान्य रहने वाला है।
इसे कहते हैं ला निना
ला निना की स्थिति तब बनती है जब भूमध्यरेखीय व्यापारिक हवाएं तेज हो जाती हैं और समुद्र की सतह की धाराओं को बदल देती हैं, समुद्र की गहराई का ठंडा पानी ऊपर आ जाता है, जिससे उठने वाली ठंडी हवाएं लगातार चलती है। इसके परिणाम स्वरूप मध्य और पूर्वी उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर ठंडा हो जाता है। यह स्थिति जाड़े के मौसम में अधिक होती है।
तापमान...
अधिकतम 31.6, न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस
हवा में नमी ...
अधिकतम 94, न्यूनतम 45 प्रतिशत