UP News: युवक ने फिल्मी अंदाज में बीच सड़क पर रोकी दुल्हन की कार, बोला- ये मेरी पत्नी; दूल्हे के उड़ गए होश
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धौरहरा इलाके में एक युवक ने फिल्मी अंदाज में दुल्हन की कार को रोक लिया। उसकी हरकत से दूल्हा और बरातियों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को क्षेत्राधिकारी कार्यालय ले आई। यहां घंटों पंचायत चली तब दोनों पक्षों में समझौता हुआ।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के धौरहरा इलाके में सिसैया-ईसानगर रोड पर बुधवार दोपहर फिल्मी अंदाज में एक युवक ने दुल्हन को विदा कराकर ले जा रही कार को ओवरटेक कर बीच सड़क पर रोक लिया। युवक ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए आर्य समाज मंदिर में विवाह करने का दावा किया। दूल्हे को फोटो और दस्तावेज भी दिखाए। मामला बढ़ने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को क्षेत्राधिकारी कार्यालय ले जाया गया, जहां देर शाम तक चली पंचायत के बाद समझौता हुआ।
पढ़ुआ थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात दुल्हन को विदा कराकर ईसानगर क्षेत्र के एक गांव जा रही थी। बुधवार दोपहर करीब दो बजे सिसैया-ईसानगर मार्ग पर इमलिया के पास अचानक एक युवक ने बाइक से कार को ओवरटेक कर आगे लगा दिया। जब कार रुक गई तो युवक तेजी से उतरा और कार का दरवाजा खोलकर दुल्हन को उतारने की कोशिश करने लगा। इससे बरातियों में अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर की अनोखी होली: भैंसागाड़ी पर निकलते हैं 'लाट साहब', रंगों के साथ जूता-चप्पलों की होती है बौछार
बरातियों ने बुला ली पुलिस
युवक का दावा था कि युवती उसकी प्रेमिका है और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विधिवत विवाह किया है। उसने विवाह के फोटो और दस्तावेज भी मौके पर मौजूद लोगों को दिखाए। इसी बीच बरातियों ने यूपी-112 पर सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सहमति न बनने पर सभी को पीआरवी से धौरहरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय ले आई।
घटनाक्रम से आहत वर पक्ष ने दुल्हन को अपनाने से इन्कार कर दिया, जबकि युवती प्रेमी को छोड़ दूल्हे के साथ जाने की बात कहती रही। दिनभर चली जद्दोजहद के बाद क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
दोबारा हुई दुल्हन की विदाई
सीओ ने बताया कि लड़का-लड़की दोनों बालिग हैं। युवक ने विवाह के फोटो और दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। युवती के परिजनों ने उसकी शादी ननिहाल पक्ष से तय कर दी थी। किसी भी पक्ष ने पुलिस कार्रवाई की इच्छा नहीं जताई और आपसी बातचीत से समाधान पर सहमति जताई। शाम तक चली पंचायत के बाद युवती को मायके भेजा गया। वहां दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई। इसके बाद बृहस्पतिवार को दोबारा बरात की विदाई हुई और दुल्हन-दूल्हे के साथ चली गई।
