लखीमपुर खीरी: समूह सखी की महिलाओं ने किया प्रदर्शन, डीएम की गाड़ी रोकी, मानदेय बढ़ाने की मांग
लखीमपुर खीरी में सोमवार को समूह सखियों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मानदेय 2 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने और सेवा नियमित करने की मांग की।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में मानदेय बढ़ाने और सेवा नियमित किए जाने समेत सात मांगों को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में समूह सखी डीएम कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एसडीएम तनवीर अहमद ने महिलाओं से ज्ञापन लिया। इसके बाद भी महिलाएं काफी देर तक मौके पर खड़ी रहीं। नारेबाजी करते हुए अपनी मांग बुलंद की।
समूह सखियों ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूहों की सेवाएं आमजन तक पहुंचाने का काम करती हैं। बचत खाते खुलवाने, समूह की बचत जमा कराने, बैठक कराने, लोकोस एप पर फीडिंग, फैमिली आईडी बनवाने, केवाईसी कराने समेत अन्य कार्य किए जाते हैं। इसके एवज में उन्हें वर्तमान में दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है।
महिलाओं ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, सेवा स्थायी/नियमित करने, लोकोस पर काम के लिए टैबलेट-मोबाइल फोन व रिचार्ज देने, मानदेय व्यक्तिगत खाते में देने, निशुल्क बीमा, ड्रेस और पहचान पत्र देने की मांग की।
ज्ञापन देने के बाद महिलाएं डीएम की गाड़ी के सामने पहुंच गईं और रोक लिया। डीएम अंजनी कुमार ने उनकी समस्याएं शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उनके जाने के बाद भी महिलाएं नारेबाजी करती रहीं। उनका कहना था कि उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। बाद में शहर कोतवाल समेत पुलिस बल के पहुंचने पर महिलाएं वापस गईं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.