UP: शादी के नाम पर झांसा देकर करते थे ठगी, 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का पर्दाफाश, 4 महिलाएं गिरफ्तार
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया अंजलिका पहले से विवाहित है और उसका 2 वर्षीय पुत्र है। सुमित्रा अंजलिका की मां, काजल लालती की भतीजी और सुमित्रा की ननद है। लालती ने मुख्य आरोपी जितेंद्र के साथ मिलकर प्लान बनाया। सुमित्रा ने गूंगी-बहरी का नाटक कर भावनात्मक दबाव बनाया, जबकि काजल ने अंजलिका को तैयार किया।
विस्तार
पुलिस ने शादी के झांसे में युवकों को लूटने वाले महिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह की मुख्य सदस्य 21 वर्षीय अंजलिका को अविवाहित पूजा बताकर शादी तय की गई। गिरोह ने पीड़ित युवक से 1.26 लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र और चांदी की पायल ठग ली।
घटना के दौरान मारपीट कर फरार होने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई कर चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। घटना 2 मई 2026 की है। जनपद एटा निवासी रंजीत चौहान अपने परिजनों के साथ सिंदुरिया थाना क्षेत्र में शादी के लिए आए थे। अभियुक्तों ने अंजलिका को पूजा नाम से अविवाहित युवती बताकर रंजीत के साथ शादी तय की।
मंदिर के पास शादी की रस्में शुरू हुईं तो अचानक गिरोह ने 10 हजार रुपये खाने-पीने, 90 हजार रुपये शादी कराने और 26 हजार रुपये का मंगलसूत्र व चांदी की पायल लेकर युवक व उसके परिजनों से मारपीट की। मुख्य आरोपी जितेंद्र ने अंजलिका को लेकर फरार हो गया। अन्य महिलाएं धमकियां देकर भाग निकलीं।
रंजीत चौहान ने सिंदुरिया थाने में तहरीर दी, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने टीम के साथ रविवार को चिउटहा बाजार से चारों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 39,500 रुपये नकद, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद किया गया।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया अंजलिका पहले से विवाहित है और उसका 2 वर्षीय पुत्र है। सुमित्रा अंजलिका की मां, काजल लालती की भतीजी और सुमित्रा की ननद है। लालती ने मुख्य आरोपी जितेंद्र के साथ मिलकर प्लान बनाया। सुमित्रा ने गूंगी-बहरी का नाटक कर भावनात्मक दबाव बनाया, जबकि काजल ने अंजलिका को तैयार किया।
गिरफ्तार महिलाओ में लालती, निवासी गौरी बढ़ैपुरवा, थाना कोठीभार, सुमित्रा, पिपरामाफी, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर , काजल , चकबंदी दक्षिणी टोला, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर ,अंजलिका , भेड़ियहवा टोला, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर शामिल है।
