{"_id":"698a33b07ee2ef122d06011a","slug":"postmaster-kidnapped-in-broad-daylight-from-shergarh-causing-panic-mathura-news-c-29-1-mtr1022-517915-2026-02-10","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मथुरा में बड़ी वारदात: पोस्टमास्टर का दिनदहाड़े अपहरण, काली कार सवारों ने रास्ते से उठाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मथुरा में बड़ी वारदात: पोस्टमास्टर का दिनदहाड़े अपहरण, काली कार सवारों ने रास्ते से उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 10 Feb 2026 12:51 AM IST
विज्ञापन
सार
मथुरा में दिनदहाड़े पोस्टमास्टर का अपहरण कर लिया गया। इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस पोस्टमास्टर की तलाश में जुटी हुई है।
शेरगढ़ के गांव अगरयाला के पोस्ट मास्टर रामवीर और जांच करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
विस्तार
मथुरा के शेरगढ़ के गांव अगरयाला में डाकघर में तैनात पोस्टमास्टर रामवीर सिंह (22 ) को मंगलवार दिनदहाड़े काली कार सवारों ने अगवा कर लिया। वह बाइक से डाकघर जाने के लिए निकले थे। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को बाइक रास्ते में पड़ी मिली। पुलिस अपहृत पोस्टमास्टर की तलाश कर रही है। शाम को पुलिस अफसरों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शक के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
Trending Videos
राजस्थान के डीग के गांव कामर के रहने वाले रामवीर सिंह अगरयाला डाकघर में पोस्ट मास्टर हैं। उनके भाई अजीत सिंह ने बताया कि रोजना की तरह सुबह 10 बजे वह अपनी बाइक से शेरगढ़ स्थित प्रधान डाकघर आए थे। यहां से दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अगरयाला डाकघर जाने के लिए निकले थे। अगरयाला और जघांबली के बीच बंबे पर पहुंचने पर काली टाटा पंच कार सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोका। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि कार सवारों ने कुछ बातचीत की इसके बाद जबरन कार में डाल दिया। उन्होंने विरोध भी किया मगर अपहर्ताओं के सामने उनकी एक नहीं चली। जब तक खेतों में काम करने वाले किसान बंबे के पास पहुंचे तब तक कार सवार भाग निकले। बंबे के पास ही रामवीर की बाइक पड़ी मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी शेरगढ़ थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डाकघर में जानकारी की। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी करके अपहर्ताओं की तलाश की मगर वह हाथ नहीं लगे। शाम को रामवीर के भाई अजीत सिंह व अन्य परिजन थाने पहुंचे। उन्होंने अज्ञात अपहरणकर्ताओं के विरुद्ध अगवा करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना के बाद एसपीआरए सुरेश चंद्र रावत ने कई स्थानों पर दबिश दी। पोस्टमास्टरों के कई परिचितों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसपीआरए ने बताया कि पोस्टमास्टर ने कई लोगों से पैसा ले रखा था। अपहरण के पीछे लेनदेन का मामला प्रथम दृष्टया सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं से छानबीन की जा रही है। अपहृत की तलाश में एसओजी, स्वॉट और दो टीमों को लगाया गया है।