सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   Uproar over the obstruction of wedding processions for Scheduled Caste grooms

UP: ठाकुरों ने रोक दी दलितों की बरात! मथुरा में आधी रात को बवाल, पथराव से मची भगदड़; पुलिसकर्मी भी घायल

संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Thu, 21 May 2026 01:53 AM IST
विज्ञापन
सार

मथुरा के नरहौली गांव में बरात चढ़त के दौरान पथराव और मारपीट से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने पर भी स्थिति बिगड़ी और देर रात तक गांव में भारी तनाव बना रहा।

Uproar over the obstruction of wedding processions for Scheduled Caste grooms
घटना के बाद हंगामा करती महिला को शांत करती पुलिस।
विज्ञापन

विस्तार

मथुरा में बुधवार देर रात हाईवे थाना क्षेत्र के एक गांव में दो भाइयों की बरात चढ़ने के दौरान बवाल हो गया। आरोप है कि बरात अनुसूचित जाति के युवकों की थी इसलिए रास्ते में ठाकुरों ने पथराव कर दिया। जमकर हंगामा हुआ और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। सूचना पर आनन फानन पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के सामने भी पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
Trending Videos


क्षेत्र के गांव नरहौली में बुधवार को गुल्ला की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम की शादी थी। बरात गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव भरनकलां से आई थी। नेमचंद के बेटे अशोक और कुलदीप बरात लेकर आए थे। रात लगभग 11 बजे नरहौली में भरतपुर चौराहा से चढ़त शुरू हो गई। दोनों दूल्हे बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीर लेकर बग्गी पर सवार थे। दूल्हों के चाचा भगवानदास ने बताया कि रास्ते में ठाकुर बाहुल्य क्षेत्र है। जैसे ही वहां से बरात गुजरी तो अचानक घरों से पथराव शुरू हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

छतों से ईंटें बरसाई गईं। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई और पत्थर चले। इसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। घायल 70 वर्षीय वृद्धा संतोषी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासी मीना ठाकुर का कहना है कि बरातियों ने हंगामा किया है। वह रवि मिष्ठान भंडार में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। दुल्हनों के भाई नाहर सिंह का कहना है कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दहेज के लिए रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया।
विज्ञापन

पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच भी खूब लाठियां चलीं। लोगों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। महिलाएं भी लाठी लेकर पुलिस के सामने आ गईं। दोनों दुल्हनें भी मौके पर पहुंच गईं और हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न का आराेप लगाया। देर रात तक गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम एफआर पंकज वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर जमे है। एडीएम एफआर पंकज वर्मा ने बताया कि शादी की रस्में शुरू कर दी गई हैं। शांतिपूर्वक ढंग से बरात चढ़वाई जाएगी। उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed