यूपी: तीन साल से जमीन के लिए भटक रहा परिवार, दिल्ली से लौटते ही टावर पर चढ़ा युवक; डेढ़ घंटे चला ड्रामा
मऊ जिले के मधुबन तहसील के परशुरामपुर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां दिल्ली से लौटा युवक एक पानी की बोतल और चिप्स साथ लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने आराप लगाया कि आबादी की जमीन को लेकर उसका परिवार तीन साल से डीएम, एमसडीएम और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
विस्तार
जमीन का विवाद नहीं सुलझने और परिवार को जान से मारने की धमकी से परेशान युवक मंगलवार की सुबह 8:30 बजे कोपागंज थाना के डाड़ी चट्टी पर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। वो सुबह 8 बजे लिच्छवी एक्सप्रेस से दिल्ली से मऊ पहुंचा था।
परिवार की परेशानी देखकर घर जाते समय रास्ते में मिले टॉवर पर पानी की बोतल और चिप्स लेकर चढ़ गया। मामला मधुबन तहसील के परशुरामपुर गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और उपजिलाधिकारी मधुबन दीपक सिंह ने बातचीत शुरू की। मामले में तत्काल कार्यवाही का आश्वासन मिलने पर डेढ़ घंटे बाद वो नीचे उतरा।
टॉवर से नीचे उतरे अविनाश सोनकर ने बताया कि उनका घर मधुबन तहसील क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में है। वह दिल्ली स्थित फार्मेसी कंपनी रहकर काम करते हैं। घर पास मौजूद आबादी की जमीन को लेकर बीते तीन साल से विवाद चल रहा है। विपक्षी आए दिन परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हैं।
इस संबंध में परिवार के लोगों ने कई बार तहसील दिवस पर प्रार्थनापत्र दिया, जिलाधिकारी से मिलकर मामले को हल करने की गुहार लगाई, साथ ही उपजिलाधिकारी मधुबन और पुलिस अधिकारियों से भी मिले। लेकिन कोई भी समस्या हल करने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी मधुबन दीपक सिंह, थानाध्यक्ष कोपागंज रोहन राकेश सिंह, सीएफओ के वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। माइक के माध्यम से उपजिलाधिकारी ने बातचीत शुरू की। युवक जमीन विवाद से संबंधित कागजात भी अपने साथ रखा था, जो अधिकारियों को सौंपे गए थे।
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस बातचीत के बाद 10:30 बजे अवनीश नीचे उतरा। उपजिलाधिकारी उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर मधुबन तहसील ले गए और उसकी समस्या सुनकर तहसीलदार को निर्देशित किया।
क्या बोले अधिकारी
परशुरामपुर गांव में आबादी की जमीन का मामला है। मोबाइल टॉवर पर चढ़े युवक को सकुशल नीचे उतारने के बाद उसकी बात सुनी गई है। दोनों पक्षों को बुलाकर विवाद का निस्तारण कराया जाएगा। तहसीलदार से जानकारी लेकर मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। -दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी मधुबन
