UP: वाहन चोर गिरोह के सरगना सहित चार पर गैंगस्टर एक्ट, लाखों के सामान बरामद; कबाड़ी को बेचते थे माल
Mau News: मऊ जिले में वाहन चोर गिरोह के सरगना के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। शातिर चोरी का माल कबाड़ी व्यवसायी को बेचते थे। मिली रकम को बांट लेते थे। पुलिस ने डीएम और एसपी के आदेश पर एक्शन लिया है।
विस्तार
UP News: मऊ शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार को अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के सरगना सहित चार के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। सरगना देवदत्त गिरी, कन्हैया राम, धर्मेंद्र और गांधी चौहान ने रेलवे स्टेशन और आसपास से बाइक, ई-रिक्शा और ई-रिक्शा की बैटरी चोरी की थी। पुलिस ने दबिश 8 नवंबर 2025 को मऊ जंक्शन के वॉशिंग यार्ड के पास से गिरफ्तार किया था। चोरी की बाइक, ई-रिक्शा बरामद कर मालिकों को सौंप दिया गया था।
जांच में पता चला कि गैंगलीडर सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेसर निवासी देवदत्त गिरी, गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के मनिकनाथपुर निवासी कन्हैया राम, बिरनो थाना क्षेत्र के लीलापुर भरसड़ निवासी धर्मेंद्र राम, कासिमाबाद थाना क्षेत्र के महुआरी निवासी गांधी चौहान के साथ संगठित गिरोह बनाया है। ये सभी वाहन चोरी करने के बाद नंबर प्लेट बदलकर दूसरे जिलों में बेच देते। 2 सितंबर 2025 को सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पिपरीडीह निवासी विनोद कुमार सिंह शहर कोतवाली में तहरीर देकर 21 अगस्त 2025 को बाइक चोरी की शिकायत की थी।
4 नवंबर 2025 को शहर कोतवाली के छित्तनपुरा निवासी मोहम्मद कासिम तहरीर देकर बताया था कि 31 अक्तूबर 2025 को उनका ई-रिक्शा चोरी हो गया है। 5 नवंबर 2025 को सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बकवल मूल निवासी हलधरपुर थाना के मुस्तफाबाद निवासी आशीष सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि 28 अक्तूबर 2025 को ई-रिक्शा किसी ने चुरा लिया। 8 नवंबर 2025 को पुलिस टीम ने खीरीबाग से देवदत्त गिरी, कन्हैया राम और धर्मेंद्र राम को गिरफ्तार कर लिया था।
देवदत्त गिरी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वाहन चुराकर नंबर प्लेट बदलकर कबाड़ व्यवसायी दोस्त गांधी चौहान को बेचते हैं। पुलिस ने वाशिंग पीट के पास से गांधी चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया था। इनके विरुद्ध आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया गया है।
इन सामान की हुई थी बरामदगी : इनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक, दो ई-रिक्शा, ई रिक्शा की बैटरी का चार्जर, ई-रिक्शा की पांच बैटरियों बरामद हुई थीं।
जांच प्रक्रिया के बाद 21 जनवरी को डीएम और एसपी के साथ बैठक करके गैंगस्टर की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। ये सभी वाहन चोरी कर कबाड़ व्यवसायी दोस्त को बेचते थे। - अनिल सिंह, प्रभारी निरीक्षक, शहर कोतवाली
