UGC: BJP कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फूंका, पांच बूथ अध्यक्ष सहित 20 कार्यकर्ताओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा
Mau News: यूजीसी की नियमावली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। मऊ जिले में 20 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। पार्टी का झंडा जलाते हुए कहा कि यह बिल हमारा भविष्य खराब कर देगा।
विस्तार
UGC Bill: नगर क्षेत्र के ताजोपुर में बुधवार की शाम यूजीसी की नियमावली के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के एक सेक्टर अध्यक्ष, पांच बूथ अध्यक्ष सहित 20 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा भी फूंका।
यह इस्तीफा भाजपा जिला अध्यक्ष मऊ को संबोधित पत्र के माध्यम से सौंपा। विधान सभा क्षेत्र 356 के सेक्टर अध्यक्ष राम सिंह ने त्यागपत्र में कहा कि वर्तमान में पार्टी उस मूल विचारधारा से भटकती नजर आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा यूजीसी कानून नियमावली लागू कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे वे स्वीकार नहीं कर सकते। इसी कारण उन्होंने अपने समस्त पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
जताई नाराजगी
उनके सेक्टर के पांच बूथ अध्यक्ष सहित 20 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र दिया है। इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से सेक्टर अध्यक्ष राम सिंह, बूथ अध्यक्ष अमरवीर सिंह, मनीष सिंह, अंजनी सहाय, सुनील सिंह, संजय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने बताया कि अभी किसी कार्यकर्ता का इस्तीफा मेरे पास नहीं आया है। कार्यकर्ताओं से बात की जाएगी। घबराने की जरूरत नहीं है। सरकर किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी।
