फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Ahead of Supreme Court Hearing, Housing Board Intensifies Survey, Women Continue Protest in Shastri Nagar

Meerut: सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले सर्वे तेज, धूप-गर्मी-बरसात में भी नहीं डिगे महिलाओं के कदम, धरना जारी

Sat, 11 Jul 2026 10:27 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Sat, 11 Jul 2026 10:27 AM IST
सार

मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट मामले में 14 जुलाई की सुप्रीम कोर्ट सुनवाई से पहले आवास विकास परिषद ने भवनों का सर्वे और वीडियोग्राफी तेज कर दी है। दूसरी ओर सेटबैक के विरोध में महिलाओं का धरना लगातार जारी है।

विज्ञापन
Ahead of Supreme Court Hearing, Housing Board Intensifies Survey, Women Continue Protest in Shastri Nagar
सेंट्रल मार्केट में महिलाओं का धरना - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ में शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट मामले में 14 जुलाई को होने वाली सर्वोच्च न्यायालय की सुनवाई से पहले आवास विकास परिषद ने कार्रवाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। परिषद की ओर से प्रभावित भवनों का सर्वे, छायांकन और चल चित्रांकन कराया जा रहा है।

विज्ञापन


शुक्रवार को परिषद के कर्मचारी शास्त्रीनगर के सेक्टर दो में पहुंचे और पहले से चिह्नित भवनों की स्थिति का पूरा ब्यौरा दर्ज किया। उधर, धूप, गर्मी और बीच-बीच में हो रही बरसात के बावजूद महिलाएं लगातार धरने पर बैठी रहीं और कार्रवाई का विरोध जताती रहीं।
विज्ञापन

 

सुनवाई से पहले रिपोर्ट तैयार करने में जुटा विभाग
आवास विकास परिषद को 14 जुलाई को सर्वोच्च न्यायालय में अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इसी के चलते विभाग ने सर्वे का कार्य तेज कर दिया है। परिषद के कर्मचारी उन सभी भवनों का चल चित्रांकन कर रहे हैं, जिन्हें पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। इससे पहले आठ जुलाई को सेक्टर तीन और चार में सर्वे किया गया था, जबकि शुक्रवार को सेक्टर दो में भवनों का निरीक्षण और अभिलेखीकरण किया गया।

शास्त्रीनगर आवासीय योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक निर्माण कर लिए गए थे। मामला सर्वोच्च न्यायालय पहुंचने के बाद ऐसे निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू हुई। सेंट्रल मार्केट में पहले भी कई दुकानों और एक बड़े भवन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो चुकी है। शेष भवन स्वामियों को नोटिस देकर दुकानों को बंद करने और निर्धारित दूरी छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

धूप, गर्मी और बरसात के बीच भी महिलाओं का धरना जारी
छोटे मकानों में निर्धारित दूरी छोड़ने के आदेश के विरोध में शास्त्रीनगर सेक्टर दो और सेक्टर तीन की महिलाएं लगातार धरने पर बैठी हैं। महिलाओं का कहना है कि उनके अधिवक्ता ने भी सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की है। उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय उनके परिवारों को राहत देगा और छोटे मकानों के संबंध में उचित निर्णय सुनाएगा।

विज्ञापन

व्यापारियों ने भी जताई चिंता, आंदोलन की चेतावनी
उधर, केसरगंज क्षेत्र के मीना बाजार सहित अन्य बाजारों में मेरठ विकास प्राधिकरण की ओर से दुकानों की नाप-जोख किए जाने के बाद व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई है। सड़क चौड़ीकरण और मध्य विभाजक निर्माण की प्रस्तावित योजना से वर्षों पुरानी दुकानों पर संकट की आशंका जताई जा रही है।

संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि विकास के नाम पर व्यापारियों की आजीविका पर संकट स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुकानों का निर्माण नगर निगम की ओर से कराया गया था और व्यापारी वर्षों से नियमित किराया जमा कर रहे हैं। यदि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और व्यापारियों को विश्वास में लिए कोई कार्रवाई की गई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि केसरगंज मीना बाजार शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। किसी भी कार्रवाई से पहले व्यापारियों को विश्वास में लिया जाना चाहिए। संगठन जल्द ही मेरठ विकास प्राधिकरण, नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर व्यापारियों की मांगों को रखेगा तथा लिखित आश्वासन की मांग करेगा कि दुकानों और रोजगार के साथ कोई अन्याय नहीं होगा।

संगठन के लिए कीर्तिमान स्थापित करेंगी महिला कार्यकर्ता : नागर
भाजपा महिला मोर्चा पश्चिम क्षेत्र की बैठक शुक्रवार को हरमन सिटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर हुई। इसमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर चर्चा की गई। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि महिला कार्यकर्ता पश्चिम क्षेत्र में संगठन के लिए नया कीर्तिमान स्थापित करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने बूथ और शक्ति केंद्रों की कार्यकर्ताओं को नियमित बैठकों में लाने का आह्वान किया। नागर ने कहा कि मजबूत बूथ ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है। कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक बहुमत के साथ जीतेगी।

महिला मोर्चा की भूमिका : महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के लिए अधिक समय देना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का दायित्व है कि वे अपने कार्यों से संगठन को मजबूत बनाएं। कुशवाहा ने महिला मोर्चा को एक नदी के समान बताया, जिसका लक्ष्य निरंतर आगे बढ़ते हुए समंदर तक पहुंचना है। 

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अधिक महिलाएं सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि बनकर समाज व राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाएंगी। बैठक का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा वर्षा कौशिक ने किया। इस बैठक में प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी, रेनू जोगी, डॉ. विकास अग्रवाल, रश्मि रावल, अंजू वारियर, कांता कर्दम, नूतन शर्मा, रुचि गर्ग, छवि शर्मा और तुलसी भारद्वाज सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed