Assembly Election Results 2022: सिवालखास में चला नल, मुरझाया कमल,15 साल बाद अपने गढ़ में फिर काबिज हुआ रालोद
बागपत लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली सिवालखास सीट शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में रहे लेकिन दोपहर बाद सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद ने बढ़त बना ली। मनिंद्र पाल सिंह सीट बचाने में कामयाब नहीं हो सके और यह सीट रालोद के हिस्से में आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली सिवालखास सीट को रालोद ने भाजपा से छीन लिया। इस सीट पर रालोद के गुलाम मोहम्मद ने भाजपा के मनिंद्रपाल सिंह को कांटे के मुकाबले में 9495 वोटों से हराया। किसी समय रालोद का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनाव से बसपा, सपा और भाजपा कब्जा करती रही है, लेकिन इस बार सपा के साथ गठबंधन के दम पर जहां रालोद का नल पानी उगलने में कामयाब रहा, वहीं भाजपा का फूल मुरझा गया। मनिंद्र पाल सिंह सीट बचाने में कामयाब नहीं हो सके। बसपा के मुकर्रम अली उर्फ नन्हें खां तीसरे स्थान पर रहे।
1974 में अस्तित्व में आई सिवालखास सीट 2012 तक सुरक्षित सीट रही। इस सीट पर अब तक सबसे ज्यादा बार रालोद प्रत्याशी विजयी हुए हैं। 2007, 2012 और 2017 में रालोद इस सीट को जीतने में सफल नहीं हुआ। इस बार सपा-रालोद के गठबंधन में ये सीट रालोद के हिस्से में आई थी।
जाट-मुसलिम-दलित बाहुल्य इस सीट पर रालोद से लड़े गुलाम मोहम्मद और भाजपा के मनिंद्रपाल सिंह के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। 29 राउंड तक चली मतगणना में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिले। मनिंद्रपाल सिंह ने शुरू के राउंड से ही बढ़त बनानी शुरू कर दी थी।
पांच राउंड की मतगणना में पीछे रहे गुलाम मोहम्मद ने छठे राउंउ में मनिंद्रपाल को पछाड़ा। इसके बाद मनिंद्र पाल ने 11वें राउंड में फिर से बढ़त बना ली और गुलाम मोहम्मद को पीछे कर दिया। गुलाम मोहम्मद ने 18वें राउंड में फिर से मनिंद्रपाल को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद गुलाम मोहम्मद ने आखिरी चरण तक मनिंद्र पाल सिंह को आगे नहीं आने दिया।
यह भी पढ़ें: Shamli Election Result 2022 रंग नहीं लाई शाह की ताकत, यहां सबसे खराब रहा भाजपा का प्रदर्शन, गठबंधन ने छीनीं तीनों सीटें
रालोद प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद और भाजपा के मनिंद्र पाल सिंह जब-जब अपने बेस वोट के गढ़ में पहुंचे तो एक-दूसरे पर बढ़त बनाने और एक-दूसरे की बढ़त को खत्म करने में कामयाब रहे। शुरुआत में ठाकुर और त्यागी बाहुल्य गांवों की वोट खुलने पर मनिंद्र पाल सिंह ने गुलाम मोहम्मद को काफी पीछे छोड़ दिया, तो भाजपा समर्थकों के चेहरे खिल उठे। लेकिन जैसे ही हर्रा और खिवाई का गढ़ खुला तो गुलाम मोहम्मद ने बढ़त हासिल कर ली।
सरुरपुर ब्लॉक में गुलाम में भारी दिखे तो रोहटा ब्लॉक में मनिंद्र पाल सिंह ने भी लगभग बराबर की टक्कर ली। जानी ब्लाक के सिसौला खुर्द, धौलड़ी और सिवालखास पर हासिल की गई गुलाम मोहम्मद की बढ़त को मनिंद्र पाल सिंह आखिर तक कम नहीं कर सके।
यूं चला राउंडवार उतार-चढ़ाव
राउंड गुलाम मोहम्मद मनिंद्र पाल सिंह
1-5 17950 19215
6-10 39326 32787
11-15 52283 51085
15-19 65205 65225
20-25 89717 77378
26-29 101005 91510
परिणाम : गुलाम मोहम्मद 9495 वोट से विजयी
वर्ष 2017 चुनाव का परिणाम
पार्टी प्रत्याशी मिले वोट प्रतिशत
भाजपा जितेंद्र सतवाई 72842 32.34
सपा गुलाम मोहम्मद 61421 27.27
रालोद यशवीर सिंह 44710 19.85
बसपा नदीम चौहान 42524 18.88