Meerut: डिवाइडर से टकराकर नाले में गिरी बैंक मैनेजर की कार, घायल, बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
मेरठ के दिल्ली रोड पर डीएन पॉलिटेक्निक के सामने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बैंक मैनेजर की कैब डिवाइडर से टकराकर नाले में गिर गई। पुलिस ने चालक और बैंक मैनेजर को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।
विस्तार
मेरठ के दिल्ली रोड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बैंक मैनेजर को लेकर जा रही कैब अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे में बैंक मैनेजर को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चालक भी घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ सेंट्रल मार्केट: लखनऊ से आज पहुंचेगी टीम, अवैध निर्माण पर जल्द जारी होंगे नोटिस, व्यापारियों में चिंता
पुलिस के अनुसार नोएडा निवासी बैंक मैनेजर राजेश कुमार मेरठ कैंट स्थित एसबीआई शाखा में तैनात हैं। वह सोमवार को कैब से बैंक जा रहे थे। कैब चालक घनश्याम, निवासी मैनपुरी, उन्हें लेकर दिल्ली रोड से गुजर रहा था।
इसी दौरान डीएन पॉलिटेक्निक के सामने एक बाइक सवार अचानक सड़क पार करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चालक घनश्याम संतुलन खो बैठा। इसके बाद कैब पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी।
पुलिस ने दोनों को नाले से बाहर निकाला
हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक घनश्याम और बैंक मैनेजर राजेश कुमार को नाले से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए भेजा। हादसे में बैंक मैनेजर को मामूली चोटें आई हैं।
क्रेन से बाहर निकाली गई कार, लगा जाम
पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया। इस दौरान दिल्ली रोड पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।