मेरठ: खरखौदा में खड़ंजे पर मिला युवक का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका; शनिवार से लापता था सुमित
खरखौदा के धनतला गांव में खड़ंजे पर 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक शनिवार शाम से लापता था। पुलिस को मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने और शव कहीं और से लाकर फेंकने की आशंका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के खरखौदा में सोमवार सुबह खड़ंजे पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंदपुरा निवासी 30 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। सुमित शनिवार शाम से लापता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया।
खड़ंजे पर पड़ा मिला शव
सोमवार सुबह धनतला गांव के कुछ किसान खेतों की ओर जा रहे थे। मोहिउद्दीनपुर नगला पातू बिजलीघर से चंदपुरा जाने वाले रास्ते पर रोहतास जाटव के ट्यूबवेल के सामने खड़ंजे पर एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई। मृतक की पहचान चंदपुरा निवासी ईश्वर के 30 वर्षीय बेटे सुमित के रूप में हुई।
शनिवार शाम से था लापता
परिजनों के अनुसार सुमित अविवाहित था और खेती-बाड़ी करने के साथ किराये पर ट्रैक्टर चलाकर खेतों की जुताई करता था। शनिवार शाम वह अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अब उसका शव मिलने के बाद पुलिस शनिवार शाम से उसके संपर्क में रहे लोगों और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, सुमित के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान मिले हैं। नाक और मुंह से खून निकल रहा था। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस को यह भी शक है कि हत्या किसी दूसरी जगह की गई और इसके बाद शव को धनतला के जंगल में लाकर खड़ंजे पर फेंका गया। शव को बाइक से लाकर यहां फेंके जाने की संभावना भी जांची जा रही है। सुमित के दोनों पैरों पर घिसने के निशान मिले हैं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और शरीर पर आई चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी।
सीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना पर सीओ किठौर विश्व ज्योति राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जल्द आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
सीओ ने बताया कि प्रथमदृष्टया सुमित की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर डालने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और शव की स्थिति के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।
अपहरण के बाद हत्या की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि सुमित का शनिवार रात अपहरण कर उसे कहीं बंधक बनाया गया हो। इसके बाद रविवार रात उसकी हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है और सुमित के मोबाइल फोन व संपर्क में रहे लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है।
सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे मौके पर
सुमित की हत्या की सूचना मिलते ही चंदपुरा और आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। जिला पंचायत सदस्य गोपाल प्रधान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है।