Meerut: संदीप प्रधान का बड़ा बयान, कहा-कांग्रेस ने देश के 5 दशक बर्बाद किए, महात्मा गांधी को लेकर कही ये बात
हस्तिनापुर में नगर पंचायत कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संदीप प्रधान ने कहा कि कांग्रेस ने देश के पांच दशक बर्बाद कर दिए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत विकास की नई राह पर है।
विस्तार
हस्तिनापुर में ऐतिहासिक नगरी की न्यू ब्लॉक कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में नगर पंचायत के भवनकर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संदीप प्रधान ने इस दौरान जनसभा को संबोधित किया।
संदीप प्रधान ने कहा कि हस्तिनापुर में पिछले 70 वर्ष से लोग अपने घरों के दस्तावेज का इंतजार कर रहे थे और प्रशासनिक कार्रवाई के डर में जी रहे थे। लेकिन भाजपा सरकार ने अब उनके घरों का सपना पूरा किया और उन्हें कानूनी सबूत दिए, जिससे आगे रोजगार और विकास के अवसर भी मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 21 अगस्त को आपके शहर में क्या हुआ
कांग्रेस के शासन में देश पिछड़ गया: संदीप प्रधान
प्रधान ने कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद ही कांग्रेस को भंग करने की बात कही थी, अगर ऐसा हुआ होता तो भारत पांच दशक आगे होता। उन्होंने कहा कि आजादी के समय भारत के साथ कई देश आजाद हुए थे, लेकिन कांग्रेस के शासन में देश पिछड़ गया जबकि वे देश आगे निकल गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत सर्व समाज को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।
प्रदेश में सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार आने से पहले लोग खुद को असुरक्षित मानते थे। लावारिस वस्तुओं पर चेतावनी लिखना और घर से निकलने पर सुरक्षित लौटना अनिश्चित था। लेकिन पिछले दस साल में स्थिति बदल गई है और जनता सुरक्षित महसूस कर रही है।
तेजी से हो रहा हस्तिनापुर का विकास:सुधा खटीक
इस मौके पर नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने कहा कि राज्य मंत्री दिनेश खटीक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से हस्तिनापुर का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक नगरी को मॉडल टाउन की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दो वर्षों में जितना विकास हुआ है, उतना पिछले 40 वर्ष में भी नहीं हुआ। करोड़ों रुपये की परियोजनाएं धरातल पर आई हैं और अब यहां नेशनल म्यूजियम भी स्थापित किया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत ने भूमि पुरातत्व विभाग को हस्तांतरित कर दी है। साथ ही रेल परियोजना भी जल्द धरातल पर नजर आएगी, जिससे हस्तिनापुर को देश और दुनिया से जोड़ा जाएगा।