फर्जी पासपोर्ट बनाने की तैयारी: ग्राम प्रधान-पार्षदों के लेटर पैड समेत दस्तावेजों का जखीरा बरामद, दो गिरफ्तार
मुरादाबाद में फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह का कटघर पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास 25 आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी बिजली बिल और ग्राम प्रधान-पार्षदों के लेटर पैड समेत दस्तावेज बरामद हुए।
विस्तार
फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह का कटघर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को रामगंगा पुल के पास से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ग्राम प्रधान और पार्षदों के लेटर पैड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी बिजली बिल, अंकपत्र और आरसी समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस ने एक लैपटॉप और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में महफूज निवासी अगवानपुर, हाल निवासी पीर का बाजार और आकाश निवासी फरीदपुर सेक्टर-78, फरीदाबाद शामिल हैं।
दोनों को बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामगंगा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। छह अक्तूबर को कटघर थाने में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस पूछताछ में महफूज ने बताया कि बरेली निवासी मुकेश शर्मा पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक लोगों के नाम और फोटो भेजता था। इसके बाद वह फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर उनके आधार पर पासपोर्ट के लिए आवेदन करवाता था। पुलिस ने बताया कि आकाश ने रवि निवासी ताजपुर माफी के नाम से पासपोर्ट बनवाने का प्रयास किया था। आवेदन निरस्त होने के बाद दोनों दोबारा आवेदन की तैयारी कर रहे थे।
25 आधार और छह बैंक पासबुक मिलीं
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह बैंक पासबुक, पांच चेकबुक, 25 आधार कार्ड, चार पैन कार्ड, पांच जन्म प्रमाणपत्र, फर्जी अंकपत्र, दो आरसी, फर्जी बिजली बिल और ग्राम प्रधान व पार्षदों के लेटर पैड समेत अन्य कागजात बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप और मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस इन दस्तावेजों के इस्तेमाल और उनके जरिए तैयार किए गए अन्य फर्जी आवेदनों की भी जांच कर रही है।
महफूज पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार महफूज के खिलाफ अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, पासपोर्ट अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरेली निवासी मुकेश शर्मा समेत गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.