यूपी: रक्षा मंत्री से बोले परिजन- हमारे बच्चों की करिए रक्षा, रूस में लापता तीन युवकों की सकुशल वापसी की गुहार
मुजफ्फरनगर और शामली के रूस में लापता तीन युवकों के परिजनों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उनकी सकुशल वापसी की गुहार लगाई। भारतीय दूतावास ने भी रूस के रक्षा मंत्रालय से संपर्क किया है।
विस्तार
भारतीय दूतावास ने रूस के रक्षा मंत्रालय को ई-मेल भेजकर फंसे युवकों को मुक्त कराने की मांग की है। वहीं, तीनों युवकों के परिजनों ने पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा के साथ देश के रक्षा मंत्री से मुलाकात कर युवकों की सकुशल घर वापसी कराने की गुहार लगाई हैं। उधर, पढ़ने गए शक्ति पुंडीर के रूस की सेना के लिए एक साल के अनुबंध की जानकारी से बेचैनी बढ़ गई है।
पिछले साल अगस्त में चरथावल ब्लॉक के पीपलशाह के शक्ति पुंडीर, बाढ़ के हिमांशु शर्मा और शामली के गांव हसनपुर लुहारी से आशु कुमार स्टडी वीजा पर रूस के मास्को शहर गए थे। लेकिन जुलाई में लापता हो गए। 30 जुलाई के बाद से तीनों के फोन स्विच ऑफ हैं। उनकी न तो कोई लोकेशन मालूम हो रही है और ना ही कोई संपर्क। परिजनों और परिचितों में मायूसी हैं। हर पल लाड़ले बेटों के आने के इंतजार में परिजनों की आंखें पथरा गई हैं।
शक्ति पुंडीर के पिता पीपलशाह निवासी विपिन पुंडीर ने बताया कि बिरालसी निवासी रिश्तेदार मोहित राणा ने भारतीय दूतावास से ई-मेल भेजा था। उन्होंने रूस के अधिकारियों से संपर्क कर शक्ति पुंडीर को मुक्त कराने का आग्रह किया। इस संबंध में रूस में भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव हरदेश गिरी ने बताया कि रूसी संघ के रक्षा मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शक्ति पुंडीर ने 17 जुलाई को रूसी संघ में सशस्त्र बलों में एक वर्ष की अवधि के लिए सैन्य सेवा अनुबंध किया है। आठ अगस्त से वह लापता हो गए। यदि रूसी अधिकारियों से उनके संबंध में कोई और अपडेट प्राप्त होगा है, तो दूतावास आपको सूचित करेगा। यह जानकारी मिलने के बाद परिजनों में बेचैनी है।
दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से तीनों युवकों के परिजनों ने मुलाकात की। पीड़ित पीपलशाह निवासी विपिन, सोनू शर्मा बाढ़ और हसनपुर लुहारी के राकेश कुमार ने बच्चों को मुक्त कराने के लिए कैबिनेट मंत्री को पत्र दिया। इस पर रक्षा मंत्री ने कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। परिजनों के संग पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा, शामली जिला पंचायत सदस्य मेनपाल और संजय सैनी मौजूद रहे।