पीलीभीत टाइगर रिजर्व: पीटीआर में बनेगा थ्रीडी इंटरप्रिटेशन सेंटर, जलीय जीवों की दुनिया भी देख सकेंगे सैलानी
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आने वाले सैलानी अब जलीय जीवों को करीब से देख और जान सकेंगे। इसी सत्र से थ्रीडी इंटरप्रिटेशन सेंटर की शुरुआत की जाएगी। इसे लेकर वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
विस्तार
जंगल सफारी के रोमांच के बीच पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) आने वाले पर्यटकों को अब जलीय जीवों की दुनिया को करीब से जानने का मौका मिलेगा। पीटीआर में थ्रीडी तकनीक पर आधारित जलीय जंतुओं का इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल गई है। महोफ गेट के प्रवेश स्थल के नजदीक बनने वाले इस सेंटर में पर्यटक घड़ियाल, कछुओं समेत विभिन्न जलीय जीवों की दुनिया को न सिर्फ देख सकेंगे, बल्कि उनके जीवन और प्रकृति में उनकी भूमिका को भी रोचक अंदाज में समझ सकेंगे।
वन मंत्रालय की निगरानी में पीटीआर की महोफ, बराही, दियोरिया, हरिपुर और माला समेत पांचों रेंज में सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद सेंटर के लिए महोफ गेट के नजदीक स्थान निर्धारित किया गया है। यहां आधुनिक थ्रीडी तकनीक और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास, रहन-सहन, जीवन चक्र और संरक्षण से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। सेंटर की प्रस्तुति इस तरह तैयार करने की योजना है कि पर्यटकों को पानी के भीतर की दुनिया में पहुंचने जैसा रोमांचक अहसास हो।
इसी सत्र में शुरू होगा सेंटर
वन विभाग का प्रयास है कि इसी पर्यटन सत्र में सेंटर को शुरू कर दिया जाए। इससे पीटीआर में पर्यटन का दायरा बढ़ने के साथ ही सैलानियों को जंगल और वन्यजीवों के साथ जलीय जैव विविधता को करीब से समझने का नया अवसर मिलेगा। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि सेंटर को इसी पर्यटन सत्र में शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्यटकों को एक अलग और यादगार अनुभव मिल सके।
