Pilibhit News: मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस हिरासत से भागा आरोपी, तलाश में जुटी चार टीमें; सिपाही निलंबित
बीसलपुर में मेडिकल परीक्षण के बाद चोरी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। लापरवाही के आरोप में सिपाही प्रबल कुमार को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी की तलाश में चार टीमें जुटी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कोतवाली ले जाते वक्त आरोपी सुल्तान पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी की मां को हिरासत में लिया है। चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। वहीं, देर रात एसपी ने सिपाही पर भी कार्रवाई की है। उसे निलंबित कर दिया गया।
मोहल्ला पटेल नगर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि छह जून की शाम पांच बजे वह अपनी दुकान पर थे। उनकी पत्नी गीता कमरे में सोई हुई थी। उनके घर का मेन गेट खुला हुआ था। उसी समय किसी युवक ने उनके घर में प्रवेश कर बरामदे में पड़े तख्त पर रखी एक बैटरी और दो मोबाइल फोन चुरा लिए। युवक ने फोन अपनी जेब में रख लिए थे और बैटरी हाथ में पकड़ कर ले जाने लगा था।
पुलिस ने फोटो से पहचान आरोपी को किया था गिरफ्तार
मोहल्ले में लगे सीसी कैमरे में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई थी। देर शाम जब दुकान बंद कर घर आए, तब उन्हें दिनदहाड़े चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी थी। पुलिस ने फोटो के आधार पर आरोपी युवक को सोमवार को मोहल्ला ग्यासपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का नाम सुल्तान बताया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बैटरी और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए। आरोपी को रात भर कोतवाली में रखा गया। पुलिस ने सोमवार को ही आरोपी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट कर ली थी। कांस्टेबल प्रबल प्रताप सिंह मंगलवार दोपहर एक बजे आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने सीएचसी ले गए।
बाइक से उतरकर भागा आरोपी
दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन सिन्हा ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण किया। उसके बाद सिपाही उसे बाइक पर बिठाकर कोतवाली ले जाने लगा। रास्ते में अस्पताल चौराहे पर सड़क पर ब्रेकर आने की वजह से बाइक धीमी हुई, तभी आरोपी कूद कर महिला अस्पताल होते हुए भाग गया। कांस्टेबल ने कोतवाल संजीव शुक्ला को पूरी मामले की जानकारी दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के घर छापा मारा, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी की मां बेगम को कोतवाली ले गई। पुलिस ने आरोपी के पिता इरफान और भाई फुरकान से फोन पर सुल्तान के बारे में पूछा, लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे सके। कोतवाल ने बताया कि चार टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। लापरवाही को लेकर भी जांच की जा रही है।
सिपाही निलंबित
पुलिस अभिरक्षा से भागे आरोपी के मामले में एसपी सुकीर्ति माधव सख्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि लापरवाही मिलने पर सिपाही प्रबल कुमार को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। बीसलपुर में आरोपी के भागने के प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।