{"_id":"6ae4717bbefd79842904e895","slug":"crocodile-attacked-farmer-who-working-in-field-along-banks-of-devha-river-2026-10-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"नदी से खेत में पहुंचा मगरमच्छ: काम करते हुए किया हमला, मची चीख-पुकार; ग्रामीणों ने बचाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नदी से खेत में पहुंचा मगरमच्छ: काम करते हुए किया हमला, मची चीख-पुकार; ग्रामीणों ने बचाया
Fri, 30 Oct 2026 03:59 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, पीलीभीत
अमर उजाला नेटवर्क, पीलीभीत
Published by: अनुज कुमार
Updated Fri, 30 Oct 2026 03:59 PM IST
सार
पीलीभीत में खेत में काम कर रहे किसान मनोरंजन मंडल पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों और उनके भाई ने बचाया। घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और देवहा नदी किनारे निगरानी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
मगरमच्छ ने किसान पर किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अमरिया क्षेत्र में देवहा नदी किनारे खेत में काम कर रहे किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई और आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह किसान को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। वन विभाग की टीम ने घायल को सीएचसी अमरिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
तहसील क्षेत्र के गांव नगरिया कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मनोरंजन मंडल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे देवहा नदी के पास स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर उनके भाई मंतोष मंडल और आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर किसान को मगरमच्छ से बचाया।
विज्ञापन
घटना की सूचना पर सामाजिक वानिकी के वन दरोगा शैलेंद्र कुमार यादव, कौशेन्द्र यादव, रामऔतार और अनुकूल शाना मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरिया ले गई। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन
रेंजर विनीत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि घायल किसान का उपचार कराया जा रहा है। देवहा नदी किनारे खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। नदी किनारे निगरानी भी बढ़ा दी गई है।