Pilibhit News: कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस का शुभारंभ, तराई से लखनऊ का सफर हुआ आसान
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने रविवार को पूरनपुर स्टेशन पर कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन सोमवार से नियमित चलेगी। इसके संचालन से बरेली, पीलीभीत और लखनऊ के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस ट्रेन को रविवार को पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से बरेली, पीलीभीत से लखनऊ आने-जाने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों सहित सभी वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा। विकास की परियोजनाओं में कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी। नई रेल लाइन देने के साथ ट्रेनें चलवाने का काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि हाल में नादेड़ के लिए ट्रेन शुरू कराई गई। अमृतसर के लिए भी शीघ्र ही ट्रेन चले। इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। रेल मंत्री से भी बात हो चुकी है। एडीआरएम मनोज कुमार ने कहा कि सोमवार से नियमित ट्रेन चलेगी। समारोह में विधायक बाबूराम पासवान, एमएलसी डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह आदि ने विचार रखे। समारोह में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, अपूर्व सिंह, अनुराग अग्निहोत्री, अनुज गुप्ता, प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी आदि प्रमुख लोग थे।
स्टेडियम के कायाकल्प को भेजा साढ़े पांच करोड़ का प्रस्ताव
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि पिछले दिनों पूरनपुर में मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया था। स्टेडियम के कायाकल्प के लिए साढ़े पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। खिलाड़ियों की धरोहर को और विकसित कराया जाएगा। पूरनपुर के स्टेडियम को विश्व स्तर का स्टेडियम बनवाया जाएगा। अधिवक्ताओं और वादकारियों के चेंबर, टिनशेड को 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सोमवार से नियमित संचालन
सोमवार से नियमित संचालन पर ट्रेन कासगंज से सुबह 04.20 बजे चलकर बरेली से 06.05 बजे, इज्जतनगर से 06.37 बजे, पीलीभीत से 07.40 बजे, पूरनपुर से 08.40 बजे, मैलानी से 09.30 बजे चलकर दोपहर एक बजे ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी में ऐशबाग से दोपहर दो बजे रवाना होकर गोला गोकर्णनाथ से 04.40, मैलानी से 05.25, पूरनपुर से 05.42 बजे, पीलीभीत से 05.54 बजे रवाना होकर कासगंज 10.40 बजे पहुंचेगी।
सावन में गोला जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
अमान परिवर्तन से पहले इस एक्सप्रेस ट्रेन से सावन महीने में क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन गोला आवागमन करते थे। इस ट्रेन बंद होने से श्रद्धालुओं को असुविधा हुई थी। अब फिर ट्रेन के चलने से सावन महीने में प्रतिदिन गोला जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
केंद्रीय मंत्री बोले- घोषणा मंत्री नहीं, काम करता हूं
मंच पर कुछ लोगों ने कुछ ट्रेनों का ठहराव सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर कराने, कुर्रैया हाल्ट को स्टेशन बनवाने आदि की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। घोषणा अभी नहीं करता। घोषणा मंत्री नहीं हूं, काम करने वाला हूं। काम करके दिखाऊंगा।