अमानवीय हरकत: मोबाइल चोरी के शक में अधेड़ को खंभे से बांधा, कपड़े उतारने और पिटाई का भी आरोप, वीडियो वायरल
मोबाइल चोरी के शक में लोगों ने अधेड़ अजबान को कपड़े उतारकर बिजली के खंभे से बांधा और पीटा। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने अधेड़ को छुड़ाया है और मामले की जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के पीलीभीत शहर के मोहल्ला बशीर खां में मंगलवार शाम मोबाइल चोरी के शक में लोगों ने एक अधेड़ को कपड़े उतारकर बिजली के खंभे में बांध दिया। आरोप है कि उसकी पिटाई भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया।
पीड़ित की पहचान पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी 55 वर्षीय अजबान पुत्र फुन्नदन के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे अजबान मोहल्ला बशीर खां में मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों को उस पर मोबाइल चोरी करने का शक हुआ। आरोप है कि लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि अजबान को बिजली के खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर पीटा गया। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। सड़क पर हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर अजबान को मुक्त कराया। इसके बाद घटना की जांच शुरू की गई।
वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि घटना का वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।