पुरानी पेंशन बहाली की मांग: पीलीभीत में सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने बृहस्पतिवार को पुरानी पेंशन बहाली समेत मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने सेवा नियमावली और पदोन्नति के अवसर देने की मांग की। संघ का कहना है कि नवीन पेंशन में आर्थिक सुरक्षा का अभाव है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बृहस्पतिवार को पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी के पदाधिकारी कलक्ट्रेट तिराहे पर पहुंचे। इसके बाद प्रदर्शन कर जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी सरकार के विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की कई समस्याएं लंबित हैं।
सेवा नियमावली बनाने की मांग
संघ ने सबसे प्रमुख मांग पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करने की रखी। पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान नवीन पेंशन योजना में कर्मचारियों को निश्चित पेंशन का प्रावधान नहीं है और यह बाजार आधारित होने के कारण सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों में चिंता बनी रहती है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने पंचायती राज विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अलग सेवा नियमावली बनाने की मांग भी की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2008 में शासनादेश के तहत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की भर्ती हुई थी। उस समय सेवा नियमावली बनने तक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नियमावली लागू किए जाने का प्रावधान किया गया था। नियुक्तियों को करीब 16 वर्ष बीतने के बाद भी अलग सेवा नियमावली नहीं बन सकी है। संघ ने कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने और विभागीय संरचना के अनुरूप पदनाम बदलने की भी मांग की। साथ ही मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को योग्यता के आधार पर सेवायोजित करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री रामसेवक वाल्मीकि और जिला अध्यक्ष धर्मपाल सिंह की ओर से दिया गया। इस मौके पर संरक्षक हशमुद्दीन खां, जिला संप्रेक्षक माजिद अली, संगठन मंत्री हरपाल वर्मा, संजय तोमर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।