Pilibhit News: कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो श्रद्धालुओं की मौत, मासूम समेत सात गंभीर रूप से घायल
पीलीभीत के दियोरिया कलां थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हादसा हो गया। वीर सिंहपुर मोड़ पर कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। हादसे में किशोर समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
पीलीभीत के दियोरिया कलां क्षेत्र में वीर सिंहपुर मोड़ पर बुधवार दोपहर कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो श्रद्धालुओ की की मौत हो गई। सात श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा में सवार सभी श्रद्धालु इलाहाबांस के मेले में जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव बबूरा के नौ श्रद्धालु ई-रिक्शा में सवार सवार होकर दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव इलाहाबांस के देवी मेला में जा रहे थे। रास्ते में बीसलपुर-दियोरिया मार्ग के वीर सिंहपुर मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से ई-रिक्शा से टकरा गई। कार की टक्कर लगने से ई-रिक्शा सवार सभी नौ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां दो श्रद्धालुओं को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
किशोर और बुजुर्ग महिला की मौत
मृतकों में 15 वर्षीय राहुल पुत्र श्रीपाल और 60 वर्षीय जसोदा पत्नी राम मूर्ति शामिल है। दियोरिया कोतवाली पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गंभीर रूप से घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे में 12 वर्षीय अमन कुमार पुत्र श्रीपाल, 30 वर्षीय राजेश्वरी देवी पत्नी राजू , 10 वर्षीय सुधा कुमारी पुत्री श्रीपाल, चार वर्षीय शोभा पुत्री संजय कुमार, 15 वर्षीय काजल पुत्री रामदुलारे, पांच वर्षीय मुनेंद्र सिंह पुत्र मनीष सिंह और 40 वर्षीय अन्नपूर्णा पत्नी श्रीपाल घायल हुई हैं। इन सभी का उपचार चल रहा है।