{"_id":"69a850917c2ae93b09003b57","slug":"horrific-incident-on-holi-youth-who-went-to-intervene-died-due-to-electric-shock-murder-charge-2026-03-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pratapgarh : होली पर खौफनाक वारदात, बीच-बचाव करने गए युवक को करंट से मौत, हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Pratapgarh : होली पर खौफनाक वारदात, बीच-बचाव करने गए युवक को करंट से मौत, हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़
Published by: विनोद सिंह
Updated Wed, 04 Mar 2026 09:02 PM IST
विज्ञापन
सार
रानीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में होली के दिन एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। 22 वर्षीय प्रियांशु यादव पुत्र हीरालाल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई।
प्रियांशु यादव। फाइल फोटो
- फोटो : संवाद।
विज्ञापन
विस्तार
रानीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में होली के दिन एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। 22 वर्षीय प्रियांशु यादव पुत्र हीरालाल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही राजा बाबू सरोज पर जानबूझकर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
Trending Videos
परिजनों का आरोप है कि घटना के समय राजा बाबू सरोज कथित रूप से नशे की हालत में अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा था। शोर सुनकर प्रियांशु यादव बीच-बचाव करने उसके घर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान राजा बाबू ने बिजली का तार छुआ दिया, जिससे प्रियांशु को तेज करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने भी फोर्स के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली का त्योहार, जो खुशियों और रंगों का प्रतीक है, इस घटना के बाद गोपालपुर गांव में मातम में बदल गया। परिजन दोषी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।
