लोकसभा चुनाव 2024: सहारनपुर में मुस्लिम और मिश्रित आबादी के बूथों पर हुआ अधिक मतदान
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रथम चरण का मतदान हो चुका है। शुक्रवार को नगर विधानसभा सीट पर मतदान का प्रतिशत काफी अच्छा रहा। यहां मुस्लि और मिश्रित आबादी वाले बूथों पर मतदान का प्रतिशत ज्यादा रहा। महिलाओं ने भी मतदान में बढ़चढ़कर भागीदारी की।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में सहारनपुर नगर विधानसभा सीट पर मतदान का प्रतिशत 60.61 फीसदी रहा। इनमें 63.50 प्रतिशत पुरुषों और 57.43 फीसदी महिलाओं की भागीदारी रही। नगर सीट पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान प्रतिशत वाले बूथों में से अधिकांश मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र रहे। हालांकि उनमें मुस्लिम और हिंदू आबादी वाले बूथ भी शामिल हैं। नगर में सबसे अधिक 88.09 प्रतिशत मतदान पंचायती बिल्डिंग नुमाइश कैंप कमरा नं.-1 बूथ पर हुआ।
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशी अपने कार्यकर्ताओं से मतदान की फीडबैक ले रहे हैं। उनकी जिज्ञासा है कि किस क्षेत्र में कितना प्रतिशत मतदान हुआ। जिससे यह अंदाजा लगाया जा सके कि उस क्षेत्र में किस जाति और धर्म के मतदाताओं की बहुलता है।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: अनजान व्यक्ति के घर में घुसकर युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
नगर सीट के 452279 मतदाताओं में से 274092 ने मतदान किया। नगर विधानसभा सीट पर 70 प्रतिशत से अधिक मतदान वाले बूथों में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के 10 बूथ शामिल हैं। मुस्लिम क्षेत्र के गोटेशाह, मंडी समिति रोड, मेहंदी सराय, शाहबहलोल, चौक गालिब रसूल, लक्खी गेट आदि में मतदान प्रतिशत अधिक रहा, जबकि हिंदू आबादी वाले क्षेत्र के भगवती काॅलोनी, नुमाइश कैंप, हकीकत नगर,आवास विकास कालोनी, बेरीबाग, मटिया महल आदि क्षेत्र में अच्छा मतदान प्रतिशत रहा।
मिश्रित आबादी वाले रायवाला, कलसिया रोड, मातागढ़, अंबाला रोड, धोबीघाट, चकराता रोड आदि के बूथों पर भी अधिक मतदान हुआ। इनके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के अधिकतर हिंदू बाहुल्य अन्य क्षेत्र का आंकड़ा देखें तो वहां पर मतदान प्रतिशत कम रहा।
नगर विधानसभा सीट : अधिक मतदान वाले टॉप फाइव बूथ
बूथ मतदान प्रतिशत
पंचायती बिल्डिंग नुमाइश कैंप कमरा नं.-1 88.09
आरपीएच विद्यालय रायवाला कमरा नं.2 82.79
एसडी इंटर काॅलेज चकराता रोड कमरा नं.-5 82.62
एचएवी इंटर काॅलेज कलसिया रोड कमरा नं.3 82.31
एमएस डिग्री काॅलेज चकराता रोड कमरा नं.-3 81.68