Shahjahanpur News: अवैध शराब बेचने के विरोध पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, प्रधान के पति समेत 8-10 लोगों पर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में अवैध शराब बेचने का विरोध करने पर बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे सहवेगपुर गांव के रहने वाले सुरेंद्र वर्मा (35) की लाठी-डंडे से पीटकर और धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने प्रधान के पति समेत आठ-दस लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज में हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि कुछ दिन पहले सुरेंद्र ने नगरिया पुलिस चौकी पर शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
सुरेंद्र मजदूरी करने के साथ खेत और प्लॉट की खरीद-बिक्री भी कराते थे। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुरेंद्र के भाई सोनपाल ने बताया कि प्रधान अवंती का पति सुरेंद्र अपने रिश्तेदार की मदद से गांव में शराब बनवाने और बिकवाने का काम करता है। शराब पीकर लोग आए दिन सुरेंद्र के घर के सामने से निकलते थे और शराब के पाउच दरवाजे पर फेंक देते थे। सुरेंद्र इसका विरोध करते थे। इसी को लेकर उनकी आरोपियों से रंजिश चल रही थी।
सुरेंद्र ने इसकी शिकायत नगरिया चौकी में की थी। बुधवार रात करीब आठ बजे प्रधान के पति ने सुरेंद्र को फोन कर बात करने के लिए अपने घर बुलाया था। आरोप है कि घर से थोड़ी दूर पहले ही आठ-दस लोगों ने उन्हें घेर लिया। पहले घर के बाहर की लाइट बंद की गईं और फिर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बचने के लिए भागे तो आरोपियों ने दौड़ाकर पकड़ा
बचने के लिए सुरेंद्र भागे लेकिन आरोपियों ने 10-15 मीटर तक दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें गिराकर पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। शोर सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। परिवार के लोग उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र गांव में शराब की अवैध बिक्री का विरोध करता था। आरोपी पक्ष शराब की बिक्री का सरपरस्त था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गईं हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
खाना खा रहे थे सुरेंद्र, परिवार में मचा कोहराम
जिस समय आरोपी ने सुरेंद्र को कॉल कर बुलाया तब वह खाना खा रहे थे। उन्हें आरोपियों की मंशा की भनक नहीं लगी और वह खाना छोड़कर बात करने चले गए। वहां आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। सुरेंद्र की मौत से पत्नी मंजू, बेटा नैतिक (13), अनमोल (10), भाई धनीराम, सोनपाल का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा नैतिक बिलखता हुआ बोला कि उसके पिता को धोखे से बुलाकर मारा गया।
मेडिकल कॉलेज में परिजनों ने किया हंगामा
सुरेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में हंगामा करते हुए उन्होंने चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग की। परिजनों का कहना था कि अवैध शराब की बिक्री के संबंध में सुरेंद्र ने पहले ही नगरिया चौकी में शिकायत की थी। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो घटना को रोका जा सकता था। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
मोबाइल नंबरों से निकाली आरोपियों की लोकेशन
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए हैं। लोकेशन निकलवाकर पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में भेजा गया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। एसओजी को भी आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण और सीओ विदुष सक्सेना ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।