शाहजहांपुर: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, पुलिस से भिड़े एनएसयूआई के कार्यकर्ता
शाहजहांपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
विस्तार
शाहजहांपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक पुतला फूंका। इस दौरान पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। स्थिति संभालने के लिए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता को बीच-बचाव करना पड़ा।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एनएसयूआई के कार्यकर्ता टाउन हॉल पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही घेराबंदी कर रखी थी। इसके बावजूद कार्यकर्ता पुतला लेकर पहुंचे और उसमें आग लगा दी। पुतला जलते ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस पुतले के बचे हुए अवशेष लेकर वहां से जाने लगी।
पुलिसकर्मियों से हुई खींचतान
पुलिसकर्मी अभी कुछ ही दूर पहुंचे थे कि कार्यकर्ताओं ने दोबारा पुतले के अवशेष छीनने का प्रयास किया। इसको लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक खींचतान जैसी स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मामला बढ़ता देख जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता को मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करना पड़ा। पुतला दहन के दौरान टाउन हॉल पर पुलिस की मौजूदगी बनी रही। विरोध प्रदर्शन में रफी उल हसन, राम जी अवस्थी, राहिल अंसारी, फुरकान कुरैशी, आमिल खान, केवी मिश्रा आदि मौजूद रहे।