UP: शाहजहांपुर में खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी सौगात, इस तारीख को होगा स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण
शाहजहांपुर के हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम जल्द ही खिलाड़ियों के लिए खुलेगा। 26 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम का लोकार्पण 19 जुलाई को प्रस्तावित है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम अपने नये कलेवर में तैयार हो गया है। 26 करोड़ 33 लाख रुपये से निर्मित अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का 19 जुलाई को लोकार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा। खेल सुविधाएं मिलने से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने सबसे पहले निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल) का निरीक्षण किया।
उन्होंने पूल में पानी की गहराई का स्पष्ट अंकन कराने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया को एक पुरुष व एक महिला तैराकी प्रशिक्षक व एक लाइफ गार्ड को मानदेय पर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए, ताकि तैराकी प्रशिक्षण सुचारु रूप से शुरू कराया जा सके।
तय अवधि में शेष कार्य पूरे करने के निर्देश
इसके बाद डीएम ने बैडमिंटन हॉल, कबड्डी हॉल और 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी शेष कार्य तय समय में पूरे किए जाएं। 19 जुलाई को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि उद्घाटन से पहले स्टेडियम की सभी खेल सुविधाएं पूरी तरह तैयार, सुरक्षित और उपयोग योग्य हों।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेडियम जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा और उन्हें प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के एपीएम श्याम, यूपी सिडको के सहायक अभियंता परवेज आलम, जूनियर इंजीनियर अग्रसेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।