करवा चौथ पर उजड़ा सुहाग: घर लौट रहे युवक की हाईवे पर हादसे में मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बिजनौर के मोहनपुर के पास हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर पीछे से आए वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। करवाचौथ पर घर लौट रहे 35 वर्षीय बबीत कुमार की मौत हो गई।
विस्तार
बिजनौर में करवाचौथ पर घर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। हरिद्वार में निजी नौकरी करने वाले 35 वर्षीय बबीत कुमार बुधवार रात बाइक से अपने गांव जा रहे थे। हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर मोहनपुर के पास पीछे से आए वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्योहार पर पति का इंतजार कर रही पत्नी और परिवार में हादसे के बाद मातम छा गया।
करवाचौथ पर घर लौटते समय हुआ हादसा
बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव राजारामपुर प्रताप उर्फ ताहरपुर निवासी बबीत कुमार (35) पुत्र चरण सिंह हरिद्वार में निजी नौकरी करते थे। करवाचौथ के मौके पर वह बुधवार को बाइक से अपने घर लौट रहे थे। परिवार को त्योहार पर उनके आने का इंतजार था।
बुधवार रात करीब नौ बजे जब बबीत हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर ग्राम मोहनपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: करवा चौथ विशेष: अर्द्धांगिनी बनीं जीवनदायिनी, मेरठ की 4 पत्नियों ने किडनी-लिवर देकर बचाई पतियों की जान
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बबीत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हादसे के संबंध में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
बबीत की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। करवाचौथ पर पति के घर लौटने का इंतजार कर रही पत्नी को इस हादसे ने गहरा सदमा दिया। बबीत अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। जिस दिन परिवार को साथ बैठकर त्योहार मनाना था, उसी दिन हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। युवक की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।